Bihar News में खबर Election 2024 से जुड़ी हुई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को एक कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ गंभीर शिकायत की गई है।
Sasaram Lok Sabha : कांग्रेस उम्मीदवार Manoj Ram के खिलाफ शिकायत
सासाराम लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार मनोज राम पर गंभीर आरोप लगे हैं। मनोज राम के खिलाफ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को एक शिकायत दी गई है। शिकायत में उनके खिलाफ कैमूर के एक अपराधिक मामले में सम्मिलित होने के कारण उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की गई है। शिकायत में कांग्रेस प्रत्याशी मनोज राम पर यौन शोषण से लेकर धर्मांतरण तक के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि कांग्रेस उमीदवार ने इसे बीजेपी की साजिश बताते हुए दावा किया है कि पुलिस कि अनुसंधान में उन्हें बेदाग साबित किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय संगठन से कनेक्शन, हवाला कारोबार, यौन शोषण व धर्मांतरण तक के आरोप
कैमूर के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत संदलपुर ग्राम निवासी कन्हैया राम ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के पास यह शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में कहा गया है कि सासाराम लोकसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार मनोज राम के खिलाफ कैमूर के कुदरा थाना में कांड संख्या 130/ 2024 दर्ज है। इस कांड में मुख्य आरोपी मनोज राम के बेटे उज्जवल कुमार के साथ-साथ मनोज राम की भी संलिप्त बताई गई है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि मनोज राम न केवल इस कांड में संलिप्त हैं, बल्कि इस कांड के मास्टरमाइंड भी हैं। शिकायतकर्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए मनोज राम पर अंतरराष्ट्रीय संगठन से जुड़े होने, हवाला के जरिए पैसे लेने, नाबालिक बच्चों का यौन शोषण कर उन्हें जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलना, और धर्मांतरण के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज राम पर लगे आरोपों के आधार पर उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की है।
बेटे की हो चुकी है गिरफ्तारी, बसपा के टिकट पर लड़ा था चुनाव
कांग्रेस ने सासाराम लोकसभा सीट से मनोज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। मनोज कुमार ने पिछला लोकसभा चुनाव सासाराम से ही बसपा के टिकट पर लड़ा था। कूदरा थाना में दर्ज यौन शोषण के आरोप में मनोज राम के पुत्र उज्ज्वल कुमार को कुदरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में मनोज राम भी नामजद अभियुक्त हैं। ऐसे में शिकायतकर्ता ने चुनाव आयोग से कांग्रेस उम्मीदवार मनोज राम की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की है।
पुलिस ने दे दी है क्लीन चिट, बीजेपी की है साजिश
इस मामले में कांग्रेस उम्मीदवार मनोज राम के मोबाइल पर जब हमने बात की तो हमारी बात उनके भाई मृत्युंजय भारती से हुई। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग में शिकायत करने वाले कन्हैया राम बीजेपी से जुड़े हुए हैं। साजिश के तहत मनोज राम को बदनाम करने के लिए शिकायत की गई है। मृत्युंजय भारती ने दावा किया है कि कांड संख्या 130/ 24 के शिकायतकर्ता राजकुमार शाह ने कोर्ट में सुलहनामा नाम दे दिया है। वहीं उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस की अनुसंधान में उज्जवल कुमार के अलावा अन्य आरोपियों के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला है। यह शिकायत मनोज राम को बदनाम करने के लिए साजिश के तहत की गई है। क्योंकि सासाराम सीट पर मनोज राम की स्थिति काफी अच्छी है।
बच्ची ने अपहरण से इनकार किया : एसपी
कैमूर एसपी ने बताया कि इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी मनोज राम के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिला है। पीड़िता ने अपहरण की बात से भी इनकार किया है। एसपी ने बताया कि बच्ची के बयान और उसके पिता द्वारा दोबारा दिए गए एफिडेविट पर पुलिस ने फैसला लिया है। हालांकि केस अभी अनुसंधान में है।