Bihar News में खबर Bihar Temperature से जूझते लोगों की। मतदान कराने पहुंचे पांच लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है।
Election 2024 के लिए पहुंचे, 5 की मौत
बिहार में आसमान से आग के गोले बरस रहे हैं। घर के अंदर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। ऐसे में चुनावी ड्यूटी के लिए भोजपुर पहुंचे पांच मतदान कर्मियों की मौत की खबर आ रही है। मृतकों में एक होमगार्ड जवान भी शामिल है। इसके अलावा कई मतदान कर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिले के डीएम महेंद्र कुमार खुद सदर अस्पताल में मामले की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
प्रशासनिक महकमे में खलबली, डीएम खुद पहुंचे
हीट वेव में सड़क पर निकलना कितना जानलेवा है यह भोजपुर में देखने को मिला है। चुनावी ड्यूटी के लिए पहुंचे पांच मतदान कर्मियों की अलग-अलग जगह पर मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक होमगार्ड जवान समेत चार अन्य मतदान कर्मी शामिल हैं। 1 जून को होने वाले मतदान के लिए यह सभी लोग भोजपुर पहुंचे थे। इन्हें अलग-अलग जगह पर चुनावी ड्यूटी में शामिल होना था। लेकिन आसमान से बरसते आग के गोलों ने इनकी जिंदगी छीन ली। पांच मतदान कर्मियों की मौत के बाद प्रशासनिक महकमा में खलबली मच गई है।
जानिए मृतकों में कौन-कौन हैं शामिल
मरने वालों में होम गार्ड जवान राजेश राम, धनराज मिश्र, रविन्द्र भूषण, सहित कुल पांच कर्मी शामिल हैं। राजेश राम जगदीशपुर में पर्ची लेने का इंतजार कर रहे थे। तभी उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें जगदीशपुर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धनराज मिश्र होमगार्ड के जवान थे। वे गोपालगंज के रहने वाले बताए गए हैं। बिहिया में भोजपुर जिला के नाला मोड़ निवासी रविन्द्र भूषण की मौत हुईहै। एक मृतक जवान की पहचान फिलहाल नहीं हुई है। पांचवे शख्स का शव परिजन लेकर चले गए हैं। वह आरा के ही रहने वाले थे।