Bihar News में एक बार फिर शेल्टर होम चर्चा में है। खिचड़ी खाने के बाद अब तक दो लड़कियों की मौत हो चुकी है।
Shelter Home : 2 लड़कियों की मौत से हड़कंप
बिहार में एक बार फिर शेल्टर हम प्रकरण चर्चा में है। राजधानी पटना के शेल्टर होम में खिचड़ी खाने के बाद अब तक दो लड़कियों की मौत हो गई है। जबकि नौ लड़कियों का इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा है। सभी लड़कियां पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ चुका है। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने एक कमेटी का गठन कर दिया है। वहीं मंत्री ने कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि कई दिनों तक यह मामला मीडिया की सुर्ख़ियों से दूर रहा। लेकिन बुधवार को लड़कियों की तबियत ज्यादा बिगड़ने के बाद मामला सामने आया है।
Patna News : खिचड़ी खाने के बीमार हुई लड़कियां
शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के पटेल नगर में स्थित आसरा गृह में फूड पॉइजनिंग के कारण दो लड़कियों की मौत हुई है। फूड प्वाइजनिंग की यह घटना 7 नवंबर की है। एक लड़की की मौत 7 नवंबर को ही हुई थी। जबकि दूसरी लड़की की मौत 10 नवंबर को हुई है। दोनों की मौत पटना के पीएमसीएच में हुई है। आसरा गृह की 9 अन्य लड़कियों का इलाज पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। डॉक्टर का कहना है कि सभी लड़कियों के पेट खराब होने की शिकायत थी। उन्हें उल्टियां हो रही हैं और वह बार-बार बेहोश हो रही हैं। 7 नवंबर की सुबह खिचड़ी खाने के बाद लड़कियों को उल्टी होने का सिलसिला शुरू हुआ था। आसरा गृह में सभी लड़कियों का प्राथमिक उपचार भी किया गया। लेकिन स्थिति नहीं सुधरने के बाद उन्हें पीएमसीएच भर्ती कराया गया।
ADM के नेतृत्व में जांच टीम गठित : DM Patna
पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि खिचड़ी खाने के कारण 30 से अधिक लड़कियों के बीमार होने की बात सामने आई है। जिनमें से 9 की हालत गंभीर है। उनका इलाज चल रहा है। डीएम ने कहा कि एडीएम के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन साहनी ने बताया कि छठ की शाम फूड प्वाइजनिंग से एक लड़की की मौत होने के बाद 10 लड़कियों को पीएमसीएच में भर्ती कराने की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।