Bihar News : केंद्र सरकार से अलॉटमेंट हासिल करने के बाद बिहार सरकार ने अब राज्य के विकास के लिए खनिज ब्लॉक की नीलामी की दिशा में कदम आगे बढ़ा दिया है। यह नीतीश कुमार सरकार का अहम कदम है।
Bihar Government : खनिज ब्लॉक के आवंटन से खुलेंगे रास्ते
झारखंड के अलग होने के बाद बिहार के पास खान-खदान बचे ही कम थे और जो बचे भी- फायदा नहीं दे रहे थे। अब बिहार भी खनिज के क्षेत्र में नया आयाम रचने की तैयारी में है। भारत सरकार ने जमुई जिला के सिकन्दरा प्रखण्ड में लौह अयस्क के दो खनिज ब्लाॅक की नीलामी (Mineral Block Auction) के लिए बिहार राज्य को आवंटित किया था। यह मजोस एवं भंटा हैं। इसके अलावा रोहतास जिला में भोरा कटरा लाईम स्टोन खनिज ब्लाॅक भी बिहार राज्य को आवंटित किया गया था। राज्य की नीतीश कुमार (Nitish Kumar) सरकार ने इनकी नीलामी की स्वीकृति दे दी है।
Bihar Cabinet Decision : विजय सिन्हा ने दी आगे की पूरी जानकारी
राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार सरकार के फैसले के बारे में जानकारी दी कि मजोस लौह अयस्क खनिज ब्लाॅक में 48.40 मिलियन टन एवं भंटा लौह अयस्क खनिज ब्लाॅक में 6.49 मिलियन टन रिसोर्स का अनुमान भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने किया गया। भोरा कटरा लाईम स्टोन खनिज ब्लाॅक में 33.25 मिलियन टन रिसोर्स का अनुमान लगाया है। बिहार कैबिनेट ने शुक्रवार को इनकी नीलामी प्रक्रिया की सहमति दे दी है। मजोस एवं भंटा लौह अयस्क का अनुमानित आरक्षित मूल्य क्रमशः 3817.60 करोड़ और 511.91 करोड़ तय किया गया है। भोरा कटरा लाईम स्टोन खनिज ब्लाॅक का अनुमानित आरक्षित मूल्य 1761.42 करोड़ तय किया गया है।
नीलामी से राॅयल्टी के साथ ऑक्सन प्रीमियम मिलेगा
विजय सिन्हा ने स्वीकार किया कि झारखंड के अलग होने के बाद बिहारमें खनिज का अन्वेषण कार्य सही से नहीं हो पाने से खनिजों का चयन नहीं हो सका था। अब भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण अनवरत अन्वेषण का काम कर रहा है। इसकी गति तेज की गई है ताकि नए खनिज ब्लाॅक मिलें तो राज्यान्तर्गत खनिज क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिले एवं राज्य विकास की ओर अग्रसर हो। मंत्रिपरिषद की ओर से स्वीकृत खनिज ब्लाॅकों की नीलामी से सीमेंट उद्योग के लिए लाइम स्टोन उपलब्ध होगा एवं सीमेंट के नए कारखाने बिहार में लगाए जा सकेंगे। लौह अयस्कों के खनन से भी इसपर आधारित उद्योगों की स्थापना होगी एवं राज्य में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे। इन कारखानों से रोजगार का माहौल भी बनेगा। राज्य सरकार ने वृहत खनिज ब्लाॅकों की नीलामी के लिए ट्रांजेक्शन एडवाईजर के रूप में कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड को चुना है। यह नीलामी ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी, ताकि किसी भी तरीके से सवाल नहीं उठे। राज्य की नीतीश कुमार सरकार की स्वीकृति के बाद बिहार में निविदा प्रकाशन की तैयारी शुरू हो गई है। नीलामी में भाग लेने वालों की हर प्रकार से मदद करेगी। नीलामी में सफल खनन कम्पनियों एवं उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को हर तरह से मदद मिलेगी।