Bihar News : बिहार में एक वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शादी के महज दो महीने के बाद ही वह दुनिया से चला गया। सिर में गोली मारी गई, ताकि बचे नहीं। आखिर क्या हो सकती है वजह, मुंगेर पुलिस के लिए जल्द इसे ढूंढ़ना बड़ा टास्क है।
Bihar Police : पानी की सप्लाई देख रहे थे, तभी पीछे से सिर में मार दी गोली
जमालपुर प्रखंड के ईटहरी पंचायत में उस वक्त मातम छा गया जब दो महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे वार्ड सदस्य सर्वजीत कुमार उर्फ प्रेमजीत कुमार (32) की मंगलवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना काली स्थान विजय नगर के पास घटी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रेमजीत को गंभीर हालत में मुंगेर सदर अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, प्रेमजीत मंगलवार शाम करीब 6 बजे वार्ड में पानी की सप्लाई देखने गए थे, तभी एक अज्ञात हमलावर ने पीछे से उनके सिर में गोली मार दी और फरार हो गया।
Ward Member Murder Case : परिवार में कोहराम, हत्या का मकसद अब भी रहस्य
मृतक सर्वजीत कुमार अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी मात्र दो महीने पहले ही भागलपुर जिला के घोघा गांव की रहने वाली विनिता कुमारी से हुई थी। इस जघन्य वारदात के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन किसी से भी पुरानी दुश्मनी होने से साफ इनकार कर रहे हैं, जिससे हत्या के पीछे का मकसद गहरा रहस्य बना हुआ है।
Bihar News : मुंगेर में हत्या से हड़कंप, पुलिस टीम मौके पर, गहन जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही, सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद, मुफस्सिल थानाध्यक्ष, बरियारपुर थानाध्यक्ष सहित कई थानों की पुलिस टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। पुलिस ने वारदात स्थल का मुआयना किया और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि कोई सुराग मिल सके। फिलहाल, हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गहन जांच अभियान जारी है।