REPUBLICANNews.in EXCLUSIVE
Dilip Jaiswal बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। उनका सबसे पहला काम पूर्व अध्यक्ष सम्राट चौधरी की एक बड़ी गलती को सुधारना होगा। देखिए, कहां सम्राट अब भी सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ नजर आ रहे हैं।
Bihar News : भाजपा को सत्ता में आए छह महीने हुए, सुधार नहीं हुआ
छह महीने पहले पहली बार मंत्री बने भारतीय जनता पार्टी (BJP Party) के बिहार विधान परिषद् सदस्य डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल (Dilip Jaiswal) अब बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बना दिए गए हैं। पार्टी से लेकर बिहार विधानमंडल तक उनका स्वागत शुक्रवार को इसी नए रूप में हुआ। बिहार विधानसभा (Bihar Vidhan Sabha) में तो अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने उन्हें बधाई देने वालों से यह भी पूछ लिया कि मंत्री पद जाने की बधाई दी जा रही है या प्रदेश अध्यक्ष बनने की? खैर, अब वह प्रदेश अध्यक्ष बन चुके हैं।
भाजपा के सिद्धांत के तहत उनकी मंत्री की कुर्सी अब किसी भी दिन खत्म हो जाएगी। ऐसे में अब संगठन की कमान संभालने के बाद उन्हें सबसे पहला काम क्या करना चाहिए? इस सवाल का जवाब भाजपा के अंदर है। गुरुवार शाम तक बिहार भाजपा के अध्यक्ष रहे सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) अब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar Bihar) के खिलाफ नजर आ रहे हैं। उन्हें यह सुधारना होगा कि सम्राट चौधरी बिहार भाजपा की वेबसाइट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जहर उगलते नहीं नजर आएं।
BJP President सम्राट चौधरी की तस्वीरों से भाजपा की साइट भरी हुई
बिहार भाजपा की कमान संभालने के बाद वास्तविक रूप से डॉ. दिलीप जायसवाल को सबसे पहले इसका चेहरा, यानी मुखौटा साफ करना होगा। देश-प्रदेश के सारे लोग तो भाजपा दफ्तर आते नहीं और जो लोग बिहार भाजपा की वेबसाइट को देखते हैं, वह सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला अब भी देख रहे हैं। 28 जनवरी 2024 को जब भाजपा बिहार विधानसभा के जनादेश 2020 के तहत सरकार में वापस आ गई तो तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ पार्टी की वेबसाइट पर लगाए बयानों को हटा लेना चाहिए था। लेकिन, 28 जनवरी से 26 जुलाई तक यह नहीं हुआ है।
वेबसाइट पर सम्राट चौधरी की तस्वीरों के साथ जगह-जगह उनका बयान ही लगा है, जिसमें वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खरी-खोटी सुना रहे हैं। 28 जनवरी को बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की वापसी के बाद सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद सेकंड मैन हो गए, मतलब उप मुख्यमंत्री। इसके बावजूद भाजपा अध्यक्ष के रूप में पूर्ववर्ती महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ उनका बयान नहीं हटा। यहां तक कि नीतीश कुमार को हटाने के नाम पर लगी अपनी पगड़ी भी वह अयोध्या में जाकर विसर्जित कर आए, लेकिन सीएम के खिलाफ दिए उनके बयानों को यहां से नहीं हटाया गया।
Nitish Kumar या जदयू की ओर से भी इसपर नहीं जताई गई आपत्ति
भाजपा (BJP India) की मुख्य वेबसाइट www.bjp.org से लिंक्ड बिहार भाजपा की साइट https://bihar.bjp.org के होम पेज पर सम्राट चौधरी सीएम नीतीश कुमार को खरी-खोटी सुनाते दिख रहे हैं। भाजपा की कमान लगभग 16 महीने तक सम्राट चौधरी के पास रही और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बतौर उप मुख्यमंत्री उन्हें अब छह महीने होने जा रहे हैं। भाजपा की साइट पर नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की तस्वीर आज नहीं लगी है। आज तक बिहार विधानमंडल का सत्र चल रहा था। डॉ. जायसवाल की तस्वीर तो लग ही जाएगी, लेकिन शायद उससे ज्यादा जरूरी है पूर्व अध्यक्ष सम्राट चौधरी के हमलावर बयानों का हटना। देखना है कि अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी संभालने वाले डॉ. दिलीप जायसवाल इसे ठीक कराने में कितना समय लेते हैं।