Bihar News : राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के भूतपूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें एम्स दिल्ली ले जाने की तैयारी चल रही है। बिहार चुनाव की तैयारी के बीच राजद में इस खबर से बेचैनी बढ़ गई है।
Lalu Yadav Health : आज शाम में दिल्ली ले जाया जाएगा लालू प्रसाद यादव को
बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री, देश के भूतपूर्व रेल मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें बुधवार की शाम दिल्ली ले जाया जा रहा है, जहां एम्स के डॉक्टर उनकी पूरी जांच-पड़ताल करेंगे। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद सिंगापुर के डॉक्टरों ने उन्हें एहतियात के साथ आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन वह बिहार आने के बाद से लगातार राजनीतिक रूप से सक्रिय हो गए थे।
कई तरह के घोटालों के कारण जेल में बंद रहे लालू यादव (Lalu Yadav) को कोर्ट ने भी बीमार हालत के आधार पर ही जमानत दी थी, लेकिन वह पहले सोशल मीडिया और फिर फिजिकल तौर पर राजनीति में सक्रिय हो गए। लोकसभा चुनाव के पहले उनकी सक्रियता चरम पर रही। अब बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के पहले भी वह अपने बेटे तेजस्वी यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाने की मुहिम में सक्रिय हो गए थे।
Bihar News : ब्लड शुगर नियंत्रित नहीं होने से परेशान है लालू परिवार
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को डॉक्टरों ने हर तरीके से नियंत्रित जीवन जीने की सलाह दी थी। जब किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लालू प्रसाद स्वदेश लौट रहे थे तो बेटी रोहिणी आचार्या ने एक-एक एहतियात से राजद समर्थकों को वाकिफ कराया था। लेकिन, लालू ने दिल्ली में रुकने के बाद बिहार आते ही राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी। पहले वर्चुअल रैली की और फिर धीरे-धीरे राजनीतिक कार्यक्रमों में भी जाने लगे। बेटी रोहिणी आचार्य के सारण से चुनाव लड़ने के दौरान भी वह गए।
इसके पहले लोकसभा चुनाव को लेकर बने इंडी एलायंस की बैठकों के लिए भी वह दूसरे शहरों की यात्रा करते रहे। वह शादी से लेकर श्राद्ध तक में जा रहे थे। अभी बिहार चुनाव को लेकर उनकी सक्रियता दिखनी शुरू ही हुई थी, लेकिन दो दिन पहले उनकी तबीयत में कुछ असहजता देखी जाने लगी। बुधवार की सुबह ज्यादा स्थिति गड़बड़ हो गई। ब्लड शुगर नियंत्रित नहीं होते देख पटना के उनके डॉक्टरों ने दिल्ली एम्स जाकर दिखाने की सलाह दी है। तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी बुधवार की शाम उन्हें लेकर दिल्ली रवाना होंगे।