Bihar Police : दशहरा में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए मुख्यालय ने छुट्टी रद्द की थी। लेकिन आदेश का उल्लंघन किया जा रहा है।
Bihar News : मुख्यालय के आदेश की अवहेलना कर रहे अफसर
दशहरा के दौरान लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त रखने के लिए पुलिस मुख्यालय ने पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी थी। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने अपने आदेश में साफ-साफ कहा था की 5 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक सभी के अवकाश बंद किया जा रहा है। लेकिन अब पुलिस मुख्यालय के आदेश की अवहेलना हो रही है। मनाही के बावजूद पुलिसकर्मियों की छुट्टी स्वीकृत हो रही है। लिहाजा एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने एक बार फिर पत्र जारी किया है।
Police Headquarters के आदेश का उल्लंघन : ADG
बुधवार को बिहार पुलिस मुख्यालय के विधि व्यवस्था प्रभाग से एक पत्र जारी किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक, विधि व्यवस्था की ओर से जारी इस पत्र में कहा गया है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए 5 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक सभी प्रकार के अवकाश को बंद किया गया था। इसके बावजूद देखा जा रहा है कि सामान्यतः रूप से पुलिसकर्मी को अवकाश स्वीकृत किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के पूर्व के आदेश का अनुपालन नहीं हो रहा है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने सभी अधिकारियों को आदेश जारी किया है कि मुख्यालय के पूर्व के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करें। एडीजी ने छुट्टी स्वीकृत करने को पुलिस मुख्यालय के आदेश का उल्लंघन बताया है। डीजीपी आलोक राज भी इस रैवए से नाराज बताए जा रहे हैं।
5 से 16 अक्टूबर तक रद्द की गई थी छुट्टी
दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में किसी किस्म की कोई परेशानी न हो और व्रत-त्योहार को लेकर किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था में कोई गड़बड़ी न हो, इसको बिहार पुलिस के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का फैसला किया गया था। हालांकि विशेष परिस्थिति होने पर छुट्टी देने की बात कही गई थी। 5 से 16 अक्टूबर तक बिहार पुलिस के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई थी। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया था। अपर पुलिस महानिदेशक ( विधि-व्यवस्था) संजय सिंह ने पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी थी।