Bihar News में खबर जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से जुड़ी हुई। मीडिया की अटकलें आखिरकार सही साबित हुई। पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी ललन सिंह से छीन ली है। नए अध्यक्ष अब खुद नीतीश कुमार बनेंगे।
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ललन सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही मीडिया में चल रही खबरों पर मुहर लग गई है। अब जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद नीतीश कुमार होंगे। वैसे तो पार्टी की ओर मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी गई है। मगर मंत्री विजय चौधरी ने इसकी पुष्टि कर दी है।
मंत्री विजय चौधरी ने सब साफ-साफ बता दिया
शुक्रवार को जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अंदर से कई खबरें छनकर बाहर आती रहीं। इन खबरों में ललन सिंह को हटाए जाने की सूचना भी थी। लेकिन पार्टी नेता अंतिम समय तक इस खबर का खण्डन करते रहे। दोपहर करीब डेढ़ बजे राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से बाहर निकले मंत्री विजय चौधरी ने इस खबर पर मुहर लगा दी। उन्होंने बताया कि ललन सिंह ने लोकसभा चुनाव की व्यस्तता के कारण पार्टी अध्यक्ष पद संभालने में असमर्थता जताई और इस्तीफे की पेशकश की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा।
ललन सिंह को हटाने की खबर कई दिनों से बनी थी सुर्खियां, लालू परिवार से नजदीकी बनी वजह?
ललन सिंह को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने की खबरें कई दिनों से सुर्खियां बनी हुई थी। हालांकि, पार्टी लगातार इन खबरों को भाजपा का एजेंडा बताते रही। लेकिन राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान ललन सिंह का इस्तीफा देना यह साफ कर गया कि पार्टी के भीतर सब सही नहीं था। खबर है कि ललन सिंह के व्यवहार से कई नेता कंफर्ट नहीं थे। इसके अलावा लालू परिवार से बढ़ती उनकी नजदीकियों से खुद नीतीश कुमार भी सहज नहीं थे। ऐसे में संगठन को बचाने के लिए ललन सिंह से कुर्सी छीना जाना जरूरी था।