Bihar News : बिहार में एक बार फिर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की खबर है। पुलिस ने एनकाउंटर में एक अपराधी को गोली मारी है। बेगूसराय के चर्चित हेमा मौर्य हत्याकांड के अभियुक्त को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया गया है।
Encounter In Bihar : हेमा मौर्य हत्याकांड के अभियुक्त और पुलिस के बीच एनकाउंटर
बिहार के डीजीपी विनय कुमार लॉ एंड ऑर्डर पर जीरो टॉलरेंस के तहत एक्शन में हैं। इसी कड़ी में बेगूसराय में स्पेशल टास्क फोर्स और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। एसटीएफ ने बेगूसराय के चर्चित मुखिया हेमा मौर्य हत्याकांड के आरोपी रणवीर महतो की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया था। इसी दौरान रणवीर महतो द्वारा गोलीबारी की गई। क्रॉस फायरिंग में पुलिस ने भी कई राउंड गोलियां चलाई हैं। इस मुठभेड़ में रणवीर महतो घायल हुआ है। पुलिस ने घायल रणवीर महतो को गिरफ्तार कर लिया है। स्पेशल टास्क फोर्स और बेगूसराय पुलिस की टीम ने अपराधी के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किया है। बेगूसराय एसपी मनीष खुद मौके पर मौजूद हैं।
Begusarai News : समसा में पुलिस पर फायरिंग, रणवीर महतो को लगी गोली
नावकोठी थाना क्षेत्र की समसा पंचायत की मुखिया हेमा मौर्य हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा एक्शन हुआ है। हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त बमबम महतो के पुत्र रणवीर महतो को समसा से गिरफ्तार किया गया है। बिहार एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में अपराधी को दबोचा गया है। इस दौरान अपराधी रणवीर महतो ने पुलिस पर फायरिंग की। लिहाजा पुलिस की ओर से भी क्रॉस फायरिंग की गई। इस मुठभेड़ में अपराधी रणवीर महतो के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किया गया है।
Bihar Crime News : 2020 में हेमा मौर्य को मारी गई थी आधा दर्जन गोलियां
31 जनवरी 2020 को नावकोठी थाना क्षेत्र के समसा गांव में समसा पंचायत की मुखिया हेमा मौर्य की हत्या कर दी गई थी। प्रतिमा विसर्जन के दौरान बूढी गंडक नदी के घाट पर इस वारदात को अंजाम दिया गया था। घाट पर घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हेमा मौर्य को आधा दर्जन से अधिक गोली मारी गई थी। इस हत्याकांड के बाद बेगूसराय में जमकर बवाल हुआ था। रणवीर महतो मुखिया हेमा मौर्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। 11 फरवरी 2020 में ही तत्कालीन एसपी अवकाश कुमार की टीम ने रणवीर कुमार को समसा से गिरफ्तार किया था। तब अपराधी रणवीर महतो ने गोली मारने की बात स्वीकार की थी।