Bihar News : मुखिया और वार्ड सदस्य के बेटे को गोलियों से भून डाला, खोखा गिनना हुआ मुश्किल, डबल मर्डर से हड़कंप

रिपब्लिकन न्यूज, लखीसराय

by Jyoti
0 comments

Bihar News : बिहार में एक बार फिर बड़ी आपराधिक वारदात हुई है। एक मुखिया और वार्ड सदस्य के बेटे को एक साथ गोलियों से छलनी कर दिया गया। इतनी गोलियां चली है कि पुलिस को अब तक यह पता नहीं चला है कि अपराधियों ने कितने राउंड फायरिंग की थी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

Bihar Crime : लखीसराय में डबल मर्डर, मुखिया और वार्ड सदस्य के बेटे की हत्या

बिहार में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात हुई है। बेखौफ अपराधियों ने मुखिया और वार्ड सदस्य के बेटे को सरेराह गोलियों से छलनी कर दिया। यह वारदात मंगलवार की देर रात हुई है। मुखिया के शरीर में 5 से 7 गोली लगने की बात कही जा रही है। जबकि वार्ड सदस्य के बेटे के शरीर में भी तीन-चार गोलियां मारी गई है। कुल कितनी गोलियां चली है, यह साफ नहीं हो पाया है। लखीसराय में हुई इस वारदात के बाद हड़कंप मच गया है। डबल मर्डर से पुलिस महकमा कटघरे में खड़ा है। लखीसराय जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के वलीपुर गांव में मंगलवार देर रात दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। वलीपुर पंचायत के मुखिया चंदन सिंह उर्फ डोमू और वार्ड संख्या 10 की सदस्य इंदु देवी के पुत्र चंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Bihar Crime News : शरीर में इतनी गोलियां कि गिनती करना मुश्किल

परिजनों के अनुसार, दोनों वलीपुर गांव से ही भोज खाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आदर्श मध्य विद्यालय वलीपुर के समीप घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोलीबारी इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल श्राद्ध भोज के स्थल से महज 20 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक गोलियों की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि हमलावरों ने दो दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, अपराधी अंधाधुंध गोलियां चलाते हुए गांव से बाहर फरार हो चुके थे। गोलीबारी की आवाज से पूरा गांव दहशत में फैल गया। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फ़ानन में दोनों को लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर मणि भूषण ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि मुखिया के शरीर में पांच से छह गोली लगी हैं। जबकि वार्ड प्रतिनिधि को एक से दो गोली लगी है। गोली की सही संख्या पोस्टमार्टम और एक्स-रे के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

Lakhisarai News : दोहरे हत्याकांड से दहल गया लखीसराय

सदर अस्पताल पहुंचे लखीसराय एसपी अजय कुमार ने दोनों की हत्या की पुष्टि की और कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना स्थल के पास से गुजर रही गश्ती गाड़ी को सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे अपराधियों को भागने का मौका मिल गया। फिलहाल गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और माहौल को शांत रखने की कोशिश की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment

Editors' Picks

Latest Posts

© All Rights Reserved.

Follow us on