Bihar News में आज बात Bihar Police मुख्यालय में इन दिनों हो रही एक चर्चा की। पटना के Police हेडक्वार्टर में Begusarai Police की खूब चर्चा हो रही है। बड़े-बड़े अफसर कह रहे हैं…आखिर ऐसा कैसे हो रहा है भाई।
बिहार पुलिस मुख्यालय में इन दिनों एक जिले के पुलिस कप्तान और उसी जिले की पुलिस टीम चर्चा में है। ये जिला है बेगूसराय। बड़े-बड़े अफसर हैरत में हैं। वो आपस में बात करें या पत्रकारों से बात करें, चर्चा बस यही हो रही है कि आखिर बेगूसराय में ऐसा कैसे हो रहा है। चर्चा की वजह जानकर आप भी चौंक पड़ेंगे। क्योंकि अमूमन पुलिस की कार्यशैली जब मीडिया की सुर्खियों में होती है, तब पुलिस मुख्यालय में चर्चा तेज हो जाती है। लेकिन, इस बार चर्चा का कारण है बेगूसराय पुलिस की बेहतरीन कार्यशैली।
क्राइम कंट्रोल, मुसीबत में फंसे लोगों को त्वरित सहायता पहुंचाने और घटनास्थल पर क्विक रिस्पॉन्स देने के लिए बिहार में चलाए जा रहे डायल 112 ने पुलिस और पब्लिक के बीच बनी दूरी को कम करने में अहम भूमिका अदा की है। इन सब के बीच बेगूसराय के पुलिस कप्तान योगेंद्र कुमार सुर्खियों में है। वजह है बेगूसराय जिले में डायल 112 का धमाकेदार प्रदर्शन। इसी प्रदर्शन के बदौलत अक्टूबर महीने में बेगूसराय की डायल 112 को राज्य में पहला स्थान मिला है।
7 मिनट 33 सेकंड रहा एक्शन का औसत रिस्पॉन्स समय
बेगूसराय की डायल 112 टीम को सूबे में पहला स्थान मिलने के पीछे की वजह है सबसे तेजी से रिस्पॉन्स। बिहार पुलिस मुख्यालय लगातार इस बात की मॉनिटरिंग में लगा है कि डायल 112 की टीम किस जिले में कितने समय के अंदर रिस्पॉन्स कर रही है। इसी कड़ी में अक्टूबर माह में बेगूसराय जिले ने टॉप किया है। बेगूसराय डायल 112 को फिर से राज्य में पहला स्थान मिला है। अक्टूबर माह में 7 मिनट 33 सेकंड कारवाई का औसत रिस्पॉन्स समय रहा। अक्टूबर में बेगूसराय डायल 112 को 1896 लोगों ने मदद के लिए कॉल किया।
डीएसपी निशित प्रिया, कई थानेदार समेत 18 पुलिसकर्मियों को पुरस्कार
डायल 112 को लगातार मिल रही सफलता से एसपी योगेंद्र कुमार बेहद खुश हैं। उन्होंने डायल 112 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 18 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पुरस्कृत किया है। पुरस्कार पाने वालों में डीएसपी हेडक्वार्टर निशित प्रिया, बखरी थानाध्यक्ष विकास कुमार राय, बलिया थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह, पु.अ.नि. अमित सिंह समेत 18 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
क्या है डायल 112, कब और कैसे करें उपयोग
आगजनी, दुर्घटना, पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी समेत किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए सिर्फ 112 नंबर डायल कर आप सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा निशुल्क है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जुलाई 2022 में इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) के तहत डायल-112 सेवा का लोकार्पण किया था। बिहार में डायल 112 का प्रदर्शन बेहद अच्छा रहा है।