Google : तकनीकी संसाधनों का जितना फायदा है, उतना बड़ा खतरा भी है। गूगल मैप्स से अनजान रास्ता आसान होता है, लेकिन रात में यह कितना बड़ा खतरा है- फिर सामने आया है। इस बार केरल में।
मंजिल के बजाय मौत का रास्ता दिखा रहा Google Maps
जब हम किसी अनजान रास्ते पर होते हैं तब किसी से रास्ता पूछने के बजाय तकनीक का इस्तेमाल करते हैं। अक्सर लोग गूगल मैप्स के जरिए अनजान राहों पर भी मंजिल की तलाश कर लेते हैं। लेकिन अगर यही गूगल मैप्स मंजिल के बजाय आपको मौत के रास्ते पर ले जाए तो संभल जाना अच्छा होगा। केरल में हुई एक घटना ने तकनीक के सहारे मंदिर तक पहुंचाने के इस तरकीब को लेकर लोगों को सचेत कर दिया है।
उफनती नदी में चली गई पर्यटकों की गाड़ी
केरल के कुरुप्पनथारा में गूगल मैप के कारण एक बड़ा हादसा हुआ है। शुक्रवार रात हैदराबाद से आए पर्यटक अलप्पुझा की ओर जा रहे थे। था। गंतव्य तक जाने के लिए पर्यटकों ने गूगल मैप का सहारा लिया। लेकिन गूगल मैप पर गलत जानकारी होने के चलते उनकी गाड़ी उफनती हुई नदी में जा गिरी। हैदराबाद से आए पर्यटकों की गाड़ी दक्षिण केरल के कुरुप्पनथारा जिले के निकट उफनती हुई नदी में जा गिरी। गाड़ी में महिला समेत चार लोग सवार थे। हादसे के बाद पुलिस गश्ती इकाई और स्थानीय निवासियों की नजर तुरंत ही गाड़ी पर गई। लिहाजा सभी को सुरक्षित बचा लिया गया।
2 डॉक्टर की हो गई थी मौत
गूगल मैप के जरिए रास्ते की तलाश के दौरान हादसे की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले साल अक्तूबर में केरल के कोच्चि में एक कार के नदी में गिरने से दो युवा डॉक्टर्स की मौत हो गई थी। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए थे। कार सवार गूगल मैप की मदद से ड्राइव कर रहे थे। तभी कार नदी में गिर गई थी।