Bihar News : बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव है। चुनावी साल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार अपनी स्थिति मजबूत करने की जुगत में है। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा समेत सभी मंत्रियों की जिम्मेदारी बदलने की अधिसूचना जारी की है।
Bihar Election 2025 से पहले नीतीश कुमार सरकार ने किसे कौन-सा जिला सौंपा, देखें
बिहार की नीतीश कुमार (Nitish Kumar) सरकार ने 25 अप्रैल 2025 को सुबह-सुबह एक अधिसूचना जारी कर दोनों उप मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों की जिम्मेदारी में बदलाव की सूचना (Bihar News) देकर सनसनी फैला दी। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी इस अधिसूचना पर 25 अप्रैल की ही तारीख है। चुनावी साल (Bihar Election 2025) में दोनों उप मुख्यमंत्रियों सहित सभी मंत्रियों के प्रभार में रहने वाले जिलों में बदलाव को लेकर यह अधिसूचना जारी की गई।
Bihar News : जिला के प्रभारी मंत्री बदले गए, जानें कि इनका महत्व क्या है
जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष-सह-प्रभारी मंत्री का मनोनयन किया जाता है। जो भी सरकार में मंत्री होते हैं, उनके पास खास जिलों में कार्यक्रम कार्यान्वय की जिम्मेदारी होती है। उस जिले के लिए वह एक तरह से सरकार के सबसे मजबूत प्रतिनिधि होते हैं। उस जिले में सरकारी योजनाओं के सही तरीके से काम करने की जिम्मेदारी भी उसी मंत्री के पास एक तरह से होती है। अच्छा-बुरा की जिम्मेदारी देने के लिए बिहार के 38 जिलों के लिए जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष-सह-प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी दी जाती रही है।
ताजा अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि जिनके पास पूर्व की अधिसूचना के हिसाब से जो जिम्मेदारी थी, उससे वह तत्काल प्रभाव से मुक्त हो जाएंगे। पिछले दिनों नीतीश कुमार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद से इस अधिसूचना का इंतजार किया जा रहा था। अब नई अधिसूचना के हिसाब से जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष-सह-प्रभारी मंत्री तत्काल प्रभाव से जिम्मेदारी संभालेंगे।
Nitish Kumar सरकार में अब किस मंत्री के पास कौन-सा जिला, देखें यहां
उप मुख्यमंत्री और वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री सम्राट चौधरी को पटना जिला का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा को मुजफ्फरपुर का प्रभार दिया गया है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी को दो जिलों- पूर्णिया और नालंदा का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव को वैशाली की जिम्मेदारी दी गई है। सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार को कैमूर, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार को समस्तीपुर व मधेपुरा का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन को औरंगाबाद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह को सारण, रेणु देवी को सीवान, मंगल पाण्डेय को दरभंगा, नीरज कुमार सिंह बबलू को कटिहार का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी को दो जिलों- सीतामढ़ी और जहानाबाद का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। लेसी सिंह को मधुबनी, मदन सहनी को सुपौल, उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा को अररिया, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन को बक्सर, सूचना एवं जन संपर्क विभाग मंत्री महेश्वर हजारी को खगड़िया, परिवहन मंत्री शीला कुमारी को लखीसराय और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को पूर्वी चंपारण का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति मंत्री जनक राम को पश्चिम चंपारण, हरि सहनी को अरवल, कृष्णनंदन पासवान को गोपालगंज और जयंत राज को रोहतास का प्रभार दिया गया है।
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. ज़मा खान को किशनगंज, रत्नेश सादा को जमुई, केदार प्रसाद गुप्ता को भोजपुर, सुरेन्द्र मेहता को बांका, संतोष कुमार सिंह को भागलपुर, संजय सरावगी को बेगूसराय, डॉ. सुनील कुमार को गया, नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री जिवेश कुमार को नवादा, राजकुमार सिंह को शेखपुरा, मोतीलाल प्रसाद को शिवहर, विजय कुमार मंडल को सहरसा और कृष्ण कुमार मंटू को मुंगेर जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
1 comment
[…] बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार सरकार … […]