Crime News : कारोबारी से 80 लाख रुपए के सोना लूटकांड का बड़ा खुलासा हुआ है। लूट के 48 घंटे के अंदर पूरे गैंग की कब्र खोद दी गई है। इस कांड में पॉलिटिकल एंगल भी सामने आया है।
Bihar News : कोलकाता से लौट रहे कारोबारी को कोडरमा में लूटा, अब पकड़े गए
रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी में 15 जून की रात बड़ी वारदात हुई थी। सोना व्यापारी से 80 लाख रुपये मूल्य के 673.7 ग्राम सोना लूटा गया था। पुलिस ने 48 घंटे में इस कांड को सुलझा लिया है। लूट मामले में नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक आरोपी फरार है।पीड़ित व्यापारी दीपक कुमार गुप्ता कोलकाता से सोना खरीदकर छपरा लौट रहे थे। तभी तारा घाटी में उनकी कार को रोककर अपराधियों ने मारपीट कर लूटपाट की थी। इस मामले में कोडरमा थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसआइटी टीम गठित कर झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में छापेमारी शुरू की गई।
Nawada News : सोना लूट कांड में नवादा से पकड़ा गया गैंग
पुलिस के अनुसार, रजौली थाना क्षेत्र के पुरानी बस स्टैंड निवासी राजेश कुमार के पुत्र अमन कुमार, अनिल प्रसाद के पुत्र सोनू कुमार, रामनाथ सिंह के पुत्र नितीश कुमार, रजौली सती स्थान निवासी अमीन उद्दीन के पुत्र मो. कासिम उर्फ गोरे, पुरानी बस स्टैंड निवासी कृष्णा सिंह के पुत्र टिंकू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूट के 70 लाख के सोने के बिस्किट के साथ एक आर अर्टिगा कार (BR27U 9580) और एक SUV 500 (BR21P 2902) को जब्त किया है।
Jharkhand News : उप मुख्य पार्षद का प्रतिनिधि है मुख्य सरगना
इस कांड का पॉलिटिकल कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस ने बताया कि लूटकांड का मुख्य साजिशकर्ता नगर पंचायत रजौली के उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू खान फरार है।जिसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी जारी है। आरोपी नितीश कुमार पर पूर्व से भी आपराधिक मामला दर्ज है। कांड के सफल उद्भेदन पर एसपी ने छापामारी टीम के पदाधिकारियों को नगद प्रोत्साहन व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया है। छापेमारी टीम में कोडरमा एसडीपीओ अनिल कुमार, कोडरमा थानाध्यक्ष विकाश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।