Bihar Police : निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इस साल का 52वां शिकार भी आंखें खोलने वाली करतूत कर रही थी। थानों में डील का वास्तविक नमूना है यह।
Bihar News : महिला थाना की दरोगा निगरानी के हत्थे चढ़ी, ड्राइवर के हाथों वसूली घूस
बिहार पुलिस अपराधियों की जगह वाहन चालकों को परेशान करने और शराब ढूंढ़ने के लिए तो कुख्यात हो ही गई है, आम आदमी को अगर पुलिस थाने का चक्कर लगा तो इसका दूसरा एक और चेहरा सामने आता है। यही चेहरा समस्तीपुर महिला थाने में 20 हजार रुपए घूस के साथ पकड़ा गया। महिला दरोगा ने एक व्यक्ति को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी थी और बचने के लिए 40 हजार रुपए घूस का ऑफर भी। डील आधी रकम में हुई। रकम को वसूलते हुए बिहार पुलिस की महिला दरोगा निजी वाहन चालक के साथ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के हत्थे चढ़ी।
40 DSP-SDPO का तबादला; पूरी सूची देखिए
Bihar Police : महिला थानाध्यक्ष ने दुष्कर्म के केस में फंसाने की दी थी धमकी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो बिहार ने 2025 में भ्रष्टाचार के खिलाफ 54वीं प्राथमिकी दर्ज कर यह कार्रवाई की है। अबतक 52 अभियुक्तों को निगरानी ने इस साल रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की पटना मुख्यालय टीम ने शनिवार 19 जुलाई को निगरानी थाना कांड संख्या 54/25 के तहत कार्रवाईकरते हुए समस्तीपुर से पुलिस अवर निरीक्षक पुतुल कुमारी और सहयोगी वाहन चालक गुड्डू कुमार को 20 हजार रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया।
समस्तीपुर के छतौना निवासी राजीव रंजन सिंह ने अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत की थी कि समस्तीपुर की महिला थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी ने एक महिला की शिकायत का नाम सामने करते हुए उन्हें धमकाया था कि दुष्कर्म का केस कर देंगे और अगर बचना है तो 40 हजार रुपए दे जाओ। यह डील अंतिम तौर पर 20 हजार पर आकर टिकी, तब राजीव रंजन ने निगरानी की मदद ली।
Samastipur Vigilance Raid : डील की पुष्टि के बाद निगरानी ब्यूरो ने दर्ज किया था केस
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पास दर्ज शिकायत में बताया गया कि पहले आरोपी दरोगा ने 40 हजार रुपए मांगे थे और फिर बात होती गई तो यह डील 20 हजार रुपए पर आकर टिकी। निगरानी ब्यूरो ने इस डील की प्रक्रिया की पुष्टि करने के बाद केस दर्ज किया और महिला बल के साथ समस्तीपुर पहुंचकर महिला थानाध्यक्ष पुतुल कुमारी को घूस की रकम के साथ गिरफ्तार किया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में समस्तीपुर पहुंची टीम ने दरोगा की डील में सहयोग करने वाले वाहन चालक को भी मौके से धर दबोचा।