Bihar News : घूसखोरी में अति-आत्मविश्वास ले डूबता है- यह कई बार दिख चुका है। फिर भी न घूसखोरी घट रही और न मनमानी। इस बार ऐसे ही एक अति-आत्मविश्वासी घूसखोर को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ धर दबोचा।

Vigilance Raid Saran : छपरा में 30 हजार रिश्वत लेता लिपिक गिरफ्तार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सारण (छपरा) जिले में भू-अर्जन कार्यालय के एक लिपिक आकाश मुकुंद को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी सारण समाहरणालय गेट के ठीक सामने सड़ककिनारे की गई, जहां भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने जाल बिछा रखा था।
Bihar News : सोनपुर के हर्षवर्धन सिंह ने भू-अर्जन कार्यालय लिपिक की शिकायत की
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को यह शिकायत सोनपुर निवासी हर्षवर्धन कुमार सिंह ने की थी। हर्षवर्धन सिंह ने अपनी शिकायत में बताया था कि भू-अर्जन कार्यालय के लिपिक आकाश मुकुंद द्वारा अधिग्रहित जमीन के सरकारी मुआवजे की राशि का भुगतान करने के एवज में उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी। ब्यूरो ने शिकायत की गंभीरता को समझते हुए तत्काल उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान, आरोपी लिपिक द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पुख्ता पाया गया।
आरोप सही पाए जाने के बाद, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने तत्काल निगरानी थाना कांड संख्या 59/25, दिनांक 08-08-2025 दर्ज किया। इसके उपरांत, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के श्री पवन कुमार-II के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल (रेड टीम) का गठन किया गया, जिसका मकसद आकाश मुकुंद को रिश्वत लेते हुए पकड़ना था।
सोमवार 11 अगस्त 2025 को धावा दल ने सटीक कार्रवाई करते हुए आकाश मुकुंद को ₹30,000 की रिश्वत लेते हुए ठीक उसी वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह समाहरणालय गेट के सामने सड़क के किनारे परिवादी से पैसे ले रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी आकाश मुकुंद से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद, उसे मुजफ्फरपुर स्थित निगरानी विशेष न्यायालयमें उपस्थापित किया जाएगा। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई जारी है और अन्य संलिप्तताओं की भी जांच की जाएगी।