Bihar News : बिहार में आगलगी का कहर दर्दनाक रूप ले चुका है। आग लगने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत जिंदा जल गए।
Khagaria News : घर में सो रहे दो भाइयों की जलने से मौत
बिहार में आगलगी की भीषण घटना हुई है। एक चूल्हे से निकली चिनगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, घर के दो मासूम बच्चे आग में जिंदा जल गए। आगलगी की दिल दहलाने वाली यह घटना खगड़िया जिले में हुई है। घटना के वक्त दोनों बच्चे घर में ही सो रहे थे। हादसे की भनक तक उन्हें नहीं लगी। सोए अवस्था में ही दोनों बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई है।
Khagaria Bihar News : आगलगी में मौत के बाद खगड़िया में कोहराम
खगड़िया में पिछले तीन दिनों से आग का कहर जारी है। ताजा मामला जिले के चौथम थाना इलाके के रोहियार गांव का है। जहां आज एक ही परिवार के दो घरों में आग लग गई। इस घटना में घर में सो रहे दो मासूम भाइयों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जाता है कि चूल्हे से निकली चिंगारी से घर में आग लग गई। जिस समय घटना हुई उस दौरान दोनों मासूम घर में सो रहे थे।
बाद में आग की लपटों को देख परिजन और स्थानीय लोगों ने बच्चे को निकालने का प्रयास किया, लेकिन 5 साल का सन्नी कुमार और 3 साल का सूरज कुमार बुरी तरह आग में झुलस गया था। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
Madhubani Fire News : बेनीपट्टी में आग से आठ घर राख, ज्वेलरी भी स्वाहा
रविवार को आग की बड़ी घटना मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अनुमंडल में भी हुई। अरेर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में आग ने भीषण तबाही मचा दी। गांव के पासवान टोला में लगी आग में आठ घर जलकर राख हो गए। आग को बुझाने के दौरान दो लोग झुलस गए, हालांकि इसके बावजूद चार मवेशियों की जिंदगी नहीं बचाई जा सकी। आग से सोना-चांदी के जेवरात भी जल गए। नकदी, साइकिल, बाइक और घर का अन्य सामान भी जलकर स्वाहा हो गया। आग से झुलसे दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।