Bihar News : बिहार की नीतीश कुमार सरकार कह रही कि संगठित अपराध नहीं हो रहे हैं, लेकिन घटनाएं थमती नजर नहीं आ रही है। गोली तीन इंच ऊपर लगी होती तो कारोबारी और कचहरी पंच की जान चली जाती। यह घटना बिहार के मधुबनी की है।
Bihar Police : मधुबनी में दुकान बंद कर लौटते समय गोली मारी, पुलिस कर रही जांच
एक जिंदगी और चली जाती, अगर अपराधियों का निशाना तीन इंच भी ऊपर लगा होता। गोली चली, लेकिन जबड़े में गाल से आर-पार हो गई। गोली थोड़ी ऊपर लगती तो सिर में लगते ही जान ले लेती। बिहार के मधुबनी जिले के एक कचहरी पंच के साथ अपनी दुकान बंद कर लौटते समय यह घटना हुई। गोली चलने से लोग गुस्से में हैं, हालांकि जान बचने के कारण भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे हैं।
Bihar News : बुधवार की रात हुई घटना, हालत देख मधुबनी सदर अस्पताल रेफर
मधुबनी जिले में अपराध बेलगाम होते दिख रहे हैं। यह घटना में खजौली थानाक्षेत्र के सुक्की गांव स्थित जामुन चौक पर हुई। बुधवार की रात अज्ञात अपराधियों ने सुक्की पंचायत के वार्ड 1 के कचहरी पंच इंद्र कुमार गोयत को गोली मार दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधुबनी सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
Madhubani : पुलिस पर सवाल, दावा- अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही
जानकारी के अनुसार, कचहरी पंच इंद्र कुमार गोयत अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी जामुन चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। गोली उनके जबड़े में लगी, जो गाल को छेदते हुए बाहर निकल गई। गोली लगते ही इंद्र कुमार गोयत वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सीएचसी खजौली ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मधुबनी रेफर कर दिया गया।
बिहार पुलिस के खजौली थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार देर शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात के पीछे क्या कारण था और अपराधी कौन थे। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन के सामने अपराधियों पर नकेल कसने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
1 comment
[…] […]