Cabinet Minister of India : तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ ले ली। इसके साथ ही बिहार के आठ मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इनमें चार कैबिनेट मंत्री और चार राज्यमंत्री बनाए गए हैं।
Nitish Kumar Bihar : जदयू के ललन सिंह कैबिनेट मंत्री, रामनाथ ठाकुर राज्यमंत्री
चार जून को लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम में बहुमत हासिल करने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। नई सरकार में बिहार ने किंगमेकर की भूमिका निभाई है। मोदी सरकार के लिए जनता दल यूनाईटेड के 12, लोक जनशक्ति पार्टी के पांच और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के एक मिलाकर कुल 18 सांसदों की जरूरत है और बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होना है। इसे देखते हुए केंद्र की राजग सरकार में बिहार से कुल आठ मंत्री बनाए गए हैं। इनमें आधी संख्या घटक दलों की है। जदयू के दो और लोजपा (रामविलास) व हम (सेक्युलर) के एक-एक मंत्री बनाए गए हैं। भाजपा ने अपने खाते से चार मंत्री बनाए।
Modi Cabinet 2024 : दो पुराने मंत्रियों को दोहराया, चिराग-ललन-मांझी बने कैबिनेट मंत्री
भाजपा के गिरिराज सिंह कैबिनेट मंत्री बनाए गए। भाजपा के उजियारपुर लोकसभा सांसद नित्यानंद राय, राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे और मुजफ्फरपुर के लोकसभा सांसद राजभूषण चौधरी को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। जदयू के पूर्व अध्यक्ष और मुंगेर लोकसभा सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। जदयू के राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। लोजपा (रामविलास) के प्रमुख व हाजीपुर सांसद चिराग पासवान और हम (सेक्युलर) के प्रमुख व गया सांसद जीतन राम मांझी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल कराया।
Bihar News : बिहार विधानसभा चुनाव के कारण राज्य पर यह मेहरबानी
केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में बिहार के जिन आठ सांसदों को मंत्रीपद की शपथ दिलाई गई, उनमें दो राज्यसभा सदस्य हैं- जदयू के रामनाथ ठाकुर और भाजपा के सतीश चंद्र दुबे। बिहार से इस बार राजग के सांसदों की संख्या 39 की जगह 30 हो गई है। इस हिसाब से मंत्रियों की संख्या घट सकती थी, लेकिन अगले साल राज्य विधानसभा का चुनाव भी है और इस बार भाजपा को अपने घटक दलों में भी मंत्रीपद बांटना था- यही कारण है कि मोदी सरकार ने एक साथ आठ सांसदों को बिहार से मंत्री बनाया है।
Election 2024 : लोजपा का स्ट्राइक रेट 100, उपेंद्र कुशवाहा को पवन सिंह ने किया बर्बाद
लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने बिहार में 12 सीटों पर जीत हासिल की। इतनी ही सीटों पर नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाईटेड को जीत मिली। चिराग पासवान की पार्टी ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर जीत हासिल हुई। जीतन राम मांझी अपनी पार्टी के इकलौते प्रत्याशी थे और यह गया से सांसद चुने गए। बिहार में राजग के एक घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा को काराकाट लोकसभा सीट मिली थी, जिसपर उतरे पार्टी के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भाजपा के बागी भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के कारण करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। वह सांसद बनते तो मंत्रीपद पक्का था, लेकिन पवन सिंह के कारण उनका कॅरियर सवालों में घिर गया है।