Shreyasi Singh : अर्जुन पुरस्कार विजेता श्रेयसी सिंह बिहार के जमुई से भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं। वह भी पेरिस ओलंपिक में निशानेबाजी के लिए गई थीं, लेकिन लगातार दूसरे दिन उन्हें निराशा हाथ लगी।
Paris Olympic 2024 में श्रेयसी सिंह से निराशा हाथ लगी
पेरिस ओलंपिक में अबतक भारत को दो पदक मिले हैं। दोनों रजत पदक हैं। एक निशानेबाज मनु भाकर (Manu Bhaker) ने अकेले हासिल किया और दूसरा सरबजोत सिंह (Sarabjot Singh) के साथ टीम मुकाबले में। इसके बाद से लगातार उम्मीद बढ़ रही थी कि निशानेबाजी में अर्जुन पुरस्कार विजेता श्रेयसी सिंह भी कोई पदक जरूर लाएंगी। लेकिन, लगातार दो दिनों की कोशिश के बावजूद वह अगले राउंड के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं।
कहां तक कितनी मेहनत दिखा सकीं भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह
श्रेयसी सिंह भारत में तो पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर गई थीं, लेकिन वहां क्वालिफाइंग राउंड से आगे नहीं बढ़ सकीं। शॉटगन ट्रैप इवेंट के फाइनल राउंड तक पहुंचने के लिए क्वालिफाइंग के पांचवें राउंड में 113 अंक लाकर वह 23वें स्थान पर रहीं। इस तरह वह स्पर्धा से बाहर हो गईं। श्रेयसी सिंह का मंगलवार को क्वालिफाई राउंड शुरू हुआ था। पहले राउंड में पिछड़ने के बाद वह 23वें स्थान पर आईं। पहले दिन के पहले तीन राउंड और दूसरे दिन के दो राउंड में कुल मिलाकर श्रेयसी को 113 अंक प्राप्त हुए। अंतिम 20 में जगह बनाना था, लेकिन वह 23वें स्थान पर रह गई।
बिहार वाले दिग्विजय सिंह की बेटी, जमुई की विधायक हैं श्रेयसी सिंह
भारतीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह एक समय के चर्चित नेता की बेटी हैं। वह दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और बांका की पूर्व सांसद पुतुल सिंह की बेटी हैं। श्रेयसी सिंह बिहार विधानसभा की सदस्य हैं। वह 2020 के बिहार चुनाव में सत्तारूढ़ हुई भारतीय जनता पार्टी की जमुई विधायक हैं। श्रेयसी ने वर्ष 2014 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के डबल ट्रैप इवेंट में देश के लिए सिल्वर मेडल जीता था। उन्होंने 2018 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल लाकर देश का नाम रोशन किया था। केंद्र सरकार ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भी किया था।