Election Results : हरियाणा में फिर एक बार भाजपा सरकार, पीएम मोदी का जश्न, नीतीश कुमार ने दी बधाई, जम्मू-कश्मीर में उमर सीएम

रिपब्लिकन न्यूज़, सेंट्रल डेस्क

by Shishir
0 comments

Election Results : जम्मू कश्मीर में 2014 के बाद अब चुनाव हुआ, परिणाम आज आ रहा है। हरियाणा का रुझान-परिणाम उससे ज्यादा चर्चा में है। यह बिहार विधानसभा चुनाव 2019 की तरह ही कुछ हुआ है। जानिए, सबकुछ यहां….

मतदान की यह तस्वीरें बता रहीं कि चुनाव को लेकर वोटरों में कितना गजब का उत्साह था। वैसे, उत्साहित ज्यादा राजनीतिक दल थे। फोटो सौजन्य- ECI

Haryana Election : एग्जिट पोल देख जहां मारामारी थी, वहां वीरानी

देश के दो अलग, लेकिन खास राज्यों में विधानसभा चुनाव हुआ था। जम्मू-कश्मीर में 2014 के बाद पहली बार हुआ, मतलब लोकतंत्र की वापसी का यह मौका था। वापसी के लिए चुनाव परिणाम भी आ रहे हैं। स्पष्ट बहुमत के साथ कांग्रेस गठबंधन सरकार बनाने जा रही है। उमर अब्दुल्ला के नाम की घोषणा फारुख अब्दुल्ला ने कर दी है। ज्यादा बवाल हरियाणा चुनाव परिणाम को लेकर है। सभी एग्जिट पोल ने एकतरफा कांग्रेस गठबंधन की जीत बताई थी और मंगलवार को मतगणना का शुरुआती रुझान भी उसी तरह का था। एग्जिट पोल के साथ ही कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद की मारामारी मची थी, लेकिन अब परिणाम उलट गए हैं तो भारत निर्वाचन आयोग पर ही गड़बड़ी का आरोप लगा दिया है। आयोग ने सिरे से नकारते हुए इसे दुर्भावनापूर्ण और मनगढ़ंत आरोप बताया है। देखिए, क्या है चुनाव परिणाम की ताजा स्थिति…

This event has ended.

17:30:23
Election Results Haryana : बहुमत के लिए चाहिए 46, भाजपा गठबंधन अभी 49 के पास

हरियाणा विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 46 विधायकों का साथ चाहिए होता है। अबतक भारतीय जनता पार्टी गठबंधन के 37 प्रत्याशी जीत दर्ज करा चुके हैं, जबकि 12 सीटों पर आगे हैं। यानी, 49 का आंकड़ा छूता हुआ दिख रहा है यह गठबंधन। यह नंबर अगर रिजल्ट में बदलता है तो 2019 के मुकाबले इन्हें आठ सीटों का फायदा होगा। कांग्रेस गठबंधन 31 सीटों पर जीत और पांच सीटों पर बढ़त के साथ 36 पर दिख रहा है। उसे 2019 के मुकाबले पांच सीटों का फायदा होता दिख रहा है। नुकसान जननायक जनता पार्टी को असल में हुआ है, जिसकी 10 सीटें थीं और इस बार हाथ खाली नजर आ रहा है। अन्य के खाते में भी पिछली बार सात सीटें थीं और इस बार तीन ही अन्य हैं।

17:51:00
Haryana Election Result Live : भाजपा 49 की जगह 48 पर आई, कांग्रेस ने एक सीट का किया उलटफेर

कुछ देर पहले भाजपा रुझान मिलाकर 49 पर थी, लेकिन अब 48 पर है। दूसरी तरफ, कांग्रेस 31 जीतकर पांच में आगे थी, लेकिन अब छह पर आगे है। 

17:56:04
Election Commission of India : कांग्रेस के आरोपों को चुनाव आयोग ने नकारा, चौटाला की पार्टी भी बढ़ी

हरियाणा विधानसभा चुनाव में ओम प्रकाश चौटाला को एक सीट का फायदा हुआ है। 2019 में उसे एक सीट पर जीत मिली थी, इस बार यह आंकड़ा दो गुना हो गया है। मतलब, दो सीटें इंडियन नेशनल लोकदल को मिली हैं। उधर हरियाणा चुनाव परिणाम में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस के आरोपों को चुनाव आयोग ने सिरे से खारिज करते हुए इसे दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। इस समय रुझान मिलाकर भाजपा+ के खाते में 48, कांग्रेस+ के पास 37 और इनेलो की कुल दो व अन्य की तीन जीती सीटों का गणित सामने आ चुका है। जननायक जनता पार्टी 10 की 10 गंवाकर शून्य पर है।

18:02:31
India News : पूरे भारत पर पड़ेगा असर, बिहार में भी खुशी की लहर

जम्मू कश्मीर के चुनाव परिणाम का असर बाकी राज्यों तक अमूमन नहीं पहुंचता है, क्योंकि अन्य राज्यों से वहां की परिस्थिति अलग है। हरियाणा के एग्जिट पोल में भाजपा की खराब हालत देखकर बिहार-यूपी में भी सन्नाटा था। लेकिन, अब हरियाणा में हैट्रिक लगती देख भाजपा के नेता उत्साहित हैं।बिहार भाजपा के अध्यक्ष और नीतीश कुमार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि मतदाताओं ने अपना मिजाज बता दिया है कि वह विकास पर विश्वास करते हैं और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पर भरोसा है।

18:09:08
Election Results Live : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बोले- हरियाणा ने आगे की भी जीत पक्की की

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली जीत को भाजपा के कार्यकर्ता की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव नतीजे आने के पहले जिस तरह से कांग्रेस पार्टी के नेता बयानबाजी कर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे थे, उन्हें आज के नतीजों ने बता दिया है कि जनता हवा-हवाई बयान वालों को नहीं, बल्कि विकास के एजेंडे पर काम करने वाली पार्टी को पसंद करती है। इसलिए चुनाव नतीजे आने के बाद अब कांग्रेस के लोग अपने नेता के साथ जगह-जगह घूम कर जलेबी की फैक्टरी लगाएं। भाजपा जलेबी की तरह राजनीति नहीं करती है, भाजपा विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के मार्गदर्शन में भाजपा के सभी कार्यकर्ता विकसित भारत के निर्माण में दृढ़ संकल्पित हैं, जिसे जनता ने भी हरियाणा में बहुमत के रूप में देकर अपनी स्वीकृति दे दी है। हरियाणा में जीत की हैट्रिक के साथ आगे आने वालों राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।

18:25:47
Jammu Kashmir Election Result : उमर अब्दुल्ला बनेंगे जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री, कांग्रेस+ जीती

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का परिणाम अब पूरी तरह सामने आ चुका है। नेशनल कांफ्रेंस के साथ कांग्रेस+ ने बहुमत के 46 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है। 49 सीटों पर जीत के साथ इस गठबंधन के मुख्यमंत्री का नाम सामने आ चुका है। इंडी एलायंस के नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला ने पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला के नाम का एलान कर दिया है। यहां भाजपा+ ने 2014 के मुकाबले चार ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की, लेकिन आंकड़ा 29 पर जाकर टिक गया। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी को सबसे बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। पीडीपी के पास 2014 में 28 विधायक थे और इस बार उसके महज तीन प्रत्याशी जीत सके। अन्य की संख्या पहले सात थी, इस बार नौ है। यहां 2014 के बाद पहली बार चुनाव हुआ है।

18:31:47
Election Results Haryana : नौ सीटों पर परिणाम आना बाकी, इनमें छह पर भाजपा+ और तीन पर कांग्रेस+ आगे

हरियाणा विधानसभा चुनाव में 90 में से 81 सीटों पर परिणाम आ चुका है। जिन नौ सीटों पर परिणाम आना बाकी है, उनमें छह पर भाजपा+ और तीन पर कांग्रेस+ आगे हैं। भाजपा+ के खाते में 42 सीटें आ चुकी हैं। रुझान का आंकड़ा परिणाम में बदलना अब लगभग तय है। ऐसे में इनकी संख्या 48 रहेगी और यह बहुमत 46 से दो ज्यादा है। कांग्रेस+ के तीन रुझान और 34 जीत मिलाकर 37 से बहुमत का आंकड़ा छूना संभव नहीं है। इनेलो दो और अन्य के पास तीन सीटें आ चुकी हैं। यहां साफ हो गया कि भाजपा+ सरकार बनाने जा रही है।

18:47:58
Haryana BJP Win : हरियाणा चुनाव परिणाम पर जयराम रमेश का बयान- हारे नहीं, हरवाया गया

हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ शिकायत करने के साथ ही कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा है कि तीन जिलों में मतगणना प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर हमारी आपत्ति है। इसकी गंभीर शिकायतों को नजरअंदाज किया गया, जिसके कारण कांग्रेस की उम्मीद और एग्जिट पोल से पूरी तरह उलटा यह परिणाम आया है। हरियाणा में भाजपा की जीत चालाकी की जीत और लाेकतांत्रिक प्रक्रियाओं की हार है।

18:57:31
Bihar News : हरियाणा की हार पर तेजस्वी यादव बोले- जनता मालिक है, सम्मान करते हैं

कांग्रेस की हरियाणा में उम्मीद से उलट हार और भाजपा की हैट्रिक के बाद नेताओं का बयान आना जारी है। कांग्रेस ने जहां इसे चालाकी की जीत कहा, वहीं राष्ट्रीय जनता दल के नेता, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक है और हम उसके फैसले का स्वागत करते हैं। 

19:14:33
PM Modi on Election Results : हरियाणा चुनाव परिणाम पर पीएम मोदी ने मन की बात लिखी

भाजपा मुख्यालय में जश्न से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर मन की बात लिखी। हरियाणा चुनाव में जीत पर उन्होंने लिखा- "हरियाणा का हृदय से आभार! भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत देने के लिए मैं हरियाणा की जनशक्ति को नमन करता हूं। यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। इस महाविजय के लिए अथक परिश्रम और पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले अपने सभी कार्यकर्ता साथियों को भी मेरी बहुत-बहुत बधाई! आपने ना केवल राज्य की जनता-जनार्दन की भरपूर सेवा की है, बल्कि विकास के हमारे एजेंडे को भी उन तक पहुंचाया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा को हरियाणा में यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है।"

19:15:53
Jammu Kashmir Election Result : पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के वोटरों का भी आभार जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- "मुझे जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रदर्शन पर गर्व है। मैं उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने हमारी पार्टी को वोट दिया और हम पर भरोसा जताया। मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम जम्मू-कश्मीर के कल्याण के लिए काम करते रहेंगे। मैं अपने कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों की भी सराहना करता हूँ। जम्मू-कश्मीर में ये चुनाव बहुत खास रहे हैं। अनुच्छेद 370 और 35(ए) हटने के बाद पहली बार हुए इन चुनावों में भारी मतदान हुआ, जो लोकतंत्र में लोगों की आस्था को दर्शाता है। मैं इसके लिए जम्मू-कश्मीर के हर व्यक्ति को बधाई देता हूं।

19:45:06
Final Result of Haryana Election : हरियाणा में भाजपा की सरकार लौटी, 48 सीटों पर जीत

भारतीय जनता पार्टी+ ने हरियाणा विधानसभा की 90 में से 48 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। हरियाणा में सरकार गठन के लिए जादुई आंकड़ा 46 का होता है और भाजपा+ के पास अब पिछले चुनाव के मुकाबले सात सीटें अधिक हैं। कांग्रेस 31 सीटों से बढ़कर 37 पर पहुंच तो गई, लेकिन एग्जिट पोल से जगी उसकी उम्मीदें टूट चुकी हैं। जजपा की सीटें 10 से शून्य हो गईं, जबकि इनेलो को एक की जगह इस बार दो सीटें हासिल हुईं। अन्य के खाते में इस बार तीन सीटें रहीं। 2014 में यह संख्या सात थी। मतलब, पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार हरियाणा ने स्पष्ट बहुमत भी दिया है और भाजपा की झोली में सीटें भी ज्यादा दीं ताकि वह मजबूत सरकार बना सके।

21:22:42
Nitish Kumar : भाजपा से दूरी की अफवाह खत्म करते हुए नीतीश ने लिखा- आदरणीय पीएम को बधाई

बिहार में भाजपा से जनता दल यूनाईटेड की खटपट की अफवाहों को दूर करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरियाणा की जीत पर खुले मन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को बधाई दी।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने पर भारतीय जनता पार्टी को बधाई एवं शुभकामनाए देते हुए कहा है कि हरियाणा की जनता ने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व पर अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है।

You may also like

Leave a Comment

Editors' Picks

Latest Posts

© All Rights Reserved.

Follow us on