Bihar News : आईपीएस लिपि सिंह को प्रमोशन और अनंत सिंह को जेल। दोनों ही बड़ी खबरें एक ही समय सामने आईं हैं। ऐसे में इसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। क्या यह महज संयोग है या फिर कुछ और?
IPS Lipi Singh : अनंत को जेल और लिपि सिंह को प्रमोशन, टाइमिंग पर उठे सवाल
बिहार की लेडी सिंघम आईपीएस लिपि सिंह को प्रमोशन मिली है। गृह विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इस बीच लिपि सिंह के प्रमोशन को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हैं। इन चर्चाओं के पीछे कई ठोस वजह भी हैं। आईपीएस लिपि सिंह पर सरकार की मेहरबानी और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह का बेल खारिज होने की टाइमिंग पर सवाल उठ रहे हैं।
सवाल यह कि यह दोनों घटनाएं महज एक संयोग हैं या फिर कुछ और? सवाल यह भी कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सियासी शतरंज पर कोई नई चाल खेल दी है? क्या बिहार के सियासी शतरंज पर नए मोहरे बिछाए जा रहे हैं? एक तरफ अनंत सिंह के समर्थकों में जमानत खारिज होने के बाद मायूसी है तो दूसरी तरफ अनंत सिंह को सलाखों के पीछे भेजने वाली आईपीएस लिपि सिंह के प्रमोशन की खबर ने अनंत खेमे को और बेचैन कर दिया है।
Anant Singh : अनंत के दुश्मनों पर ललन सिंह मेहरबान? बेल खारिज
मोकामा गोलीकांड मामले में पूर्व विधायक अनंत सिंह फिलहाल जेल में हैं। समर्थकों को उम्मीद थी कि उन्हें बेल मिल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। अनंत सिंह और सोनू-मोनू गैंग के बीच मोकामा में हुए गोलीबारी कांड के बाद अनंत ने सरेंडर किया था। वह 24 जनवरी से बेऊर जेल में बंद हैं। दो दिन पहले ही अनंत सिंह की जमानत याचिका खारिज हुई थी। अनंत सिंह को पटना की एमपी एमएलए कोर्ट से बड़ा झटका लगा था।
मोकामा फायरिंग मामले में एमपी एमएलए कोर्ट ने अनंत सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी। अनंत सिंह को जमानत नहीं मिलने से समर्थकों में मायूसी और नाराजगी दोनों है। दबी जुबान अनंत सिंह के समर्थक यह भी कर रहे हैं कि सोनू-मोनू जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के टच में है। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या अनंत सिंह और ललन सिंह के बीच अंदरखाने कोई खेल चल रहा है? हालांकि ललन सिंह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। लेकिन बाढ़ और मोकामा के इलाके में इस बात की चर्चा है कि सोनू मोनू-गैंग को एक केंद्रीय मंत्री का आशीर्वाद है।
Bihar News : अनंत सिंह के लिए खौफ बनीं लिपि सिंह को प्रमोशन
इस बीच गृह विभाग की ओर से जारी एक अधिसूचना ने बिहार के सियासी खेमे में खलबली मचा दी है। शुक्रवार को गृह विभाग ने बिहार के 8 आईपीएस अफसर को प्रमोशन दिया है। इनमें 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी शामिल हैं। खास बात यह है कि प्रमोशन की लिस्ट में आईपीएस लिपि सिंह का भी नाम है। यह वही आईपीएस लिपि सिंह हैं जिनके नाम से अनंत सिंह भी खौफ खाते थे। लिपि सिंह कभी पटना के बाढ़ अनुमंडल की एडिशनल एसपी हुआ करती थीं। उन्होंने बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की और उनके मोकामा के पैतृक गांव लदमा में छापेमारी की।
लिपि सिंह ने मोकामा में अनंत सिंह के घर से AK-47 राइफल, 22 जिंदा कारतूस और 2 देसी बम बरामद किए। इसी के आधार पर लिपि सिंह ने अनंत सिंह पर अनलाफुल एक्टिविटीज प्रीवेंशन एक्ट (UAPA) के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस घटना के बाद जब पुलिस अनंत सिंह के पटना आवास पहुंची, तो अनंत सिंह फरार हो गए। लिपि सिंह यहीं नहीं रूकी।
आखिरकार लिपि सिंह के खौफ से सहमे अनंत सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। पटना के एमपी एमएलए कोर्ट ने 14 जून 2022 को उन्हें दोषी बताते हुए 10 साल की सजा सुनाई थी। इस पूरे मामले की जांच बाढ़ अनुमंडल की तत्कालीन एएसपी लिपि सिंह ने की थी। उन्होंने 5 नवंबर 2019 को कोर्ट में चार्जशीट दायर की थी।
RCP Singh : पिता आरसीपी IAS से लेकर केंद्रीय मंत्री तक रहे, पति भी आईएएस अधिकारी
अनंत सिंह को एके 47 केस में पटना हाईकोर्ट ने बरी कर दिया था। लेकिन आईपीएस लिपि सिंह के साहस की कहानी आज भी बाढ़ और मोकामा की गलियों में सुनाई जाती है। आईपीएस लिपि सिंह ने वर्ष 2015 में UPSC की परीक्षा पास की थी। इस परीक्षा में उन्हें AIR 114 रैंक मिली। ट्रेनिंग के बाद उन्हें बिहार कैडर अलॉट किया गया। वह नालंदा जिले की पहली महिला IPS अधिकारी भी रहीं।
लिपि सिंह के पिता रामचंद्र प्रसाद सिंह (आरसीपी सिंह) भी आईएएस अधिकारी रह चुके हैं। वह 1984 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस थे। बाद में वह वीआरएस लेकर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू में शामिल हो गए। आरसीपी सिंह जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और केंद्रीय मंत्री भी बने। कहा जाता है कि जेडीयू को संगठन के तौर पर जड़ से मजबूत करने में आरसीपी सिंह का बड़ा योगदान है। लिपि सिंह के पति सुहर्ष भगत भी आईएएस अधिकारी हैं। वह 2015 बैच के IAS हैं। लिपि सिंह सहरसा और मुंगेर की एसपी रह चुकीं हैं।