Bihar Police की महिला दरोगा का यौन शोषण किया गया। शादी के नाम पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। फिर दगा किया। अब आरोपी दरोगा हुआ है गिरफ्तार।
शादी का झांसा देकर महिला दरोगा का यौन शोषण
शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के आरोप में एक दरोगा को गिरफ्तार किया गया है। दरोगा पर एक महिला दरोगा से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप है। महिला दरोगा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया है। वैशाली पुलिस ने यह गिरफ्तारी पटना से की है। आरोपी दरोगा पर महिला ने उसकी शादी तुड़वाने से लेकर जबरन शादी का दबाव बनाने और दहेज की मांग करने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
वैशाली पुलिस ने पटना से दरोगा को उठाया
वैशाली की महिला थाना पुलिस ने शिवहर के एक दरोगा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दरोगा सिवान जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र के जीबी नगर निवासी राहुल कुमार है। वह मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाने में पूर्व में थाना अध्यक्ष रह चुका है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए राहुल को पटना से गिरफ्तार किया है।
तुम्हारी शादी कहीं होने नहीं दूंगा…
राजगीर से प्रशिक्षण के बाद पीड़ित महिला दरोगा का पदस्थापन मुजफ्फरपुर के सरैया थाना में हुआ था। जबकि आरोपी दरोगा राहुल का पदस्थापन बरूराज थाना में दरोगा के पद पर हुआ था। इसी दौरान जान पहचान बनी थी। महिला दरोगा ने आरोप लगाया है कि राहुल ने मोबाइल पर फोन कर बोला था कि हम दोनों एक ही जाति एवं एक ही जिले के रहने वाले हैं। इसीलिए आपस में शादी करना चाहते हैं। इस पर महिला दरोगा ने विरोध किया था और कहा कि मेरी शादी कहीं और ठीक हो रही है। इसके बाद राहुल ने बोला की शादी होगी तो मुझसे ही होगी। मैं तुम्हारी शादी कहीं और नहीं होने दूंगा। इसके बाद जबरदस्ती मोबाइल पर फोन करता रहा।
शादी तुड़वाई, संबंध बनाए, गर्भपात कराया
इसी बीच उसकी शादी कहीं और तय हो गई तो राहुल ने शादी तुड़वा दिया। तंग आकर वह राहुल से शादी करने के लिए राजी हो गई। उसके बाद दोनों परिवारों के बीच शादी की बात शुरू हुई तो राहुल के परिवार वाले दहेज की मांग करने लगे। काफी विवाद के बाद 4 मार्च 2024 को तिलक हुआ। तिलक में 10 लाख नगद और कीमती उपहार भी दिए गए। उसके बाद आरोपी राहुल ने उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिया। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। तब मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में इलाज के बहाने धोखे में उसका गर्भपात करा दिया गया। इसका विरोध करने के बाद राहुल ने उससे मारपीट की। इसी मामले को लेकर महिला दरोगा ने सराय थाने में कार्यरत रहने के दौरान 16 जून को हाजीपुर महिला थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। महिला थाना अध्यक्ष मोनी कुमारी ने बताया कि 16 जून को सराय थाना में कार्यरत महिला दारोगा द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ था। आरोपी दारोगा को पटना से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।