Bihar News में अपराधियों के खूनी खेल से जुड़ी एक और खबर है। दिनदहाड़े गोलीबारी कर दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया है।
Bihar Crime News : समस्तीपुर में दो व्यक्तियों को गोलियों से भून डाला
बिहार में सुशासन को छलनी कर दिया गया है। सड़क पर दिनदहाड़े दो लोगों की हत्या कर दी गई। बाइक से आए अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की है। इस गोलीबारी में मौके पर ही दो लोगों ने दम तोड़ दिया। दिल दहलाने वाली यह वारदात समस्तीपुर जिले सामने आई है। वारदात के पीछे जमीन का विवाद कारण बताया गया है। अब तक एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मौके पर एसपी अशोक मिश्रा समेत कई थानों की टीम मौजूद है।
Samastipur News : मृतक रिक्शा चालक की नहीं हुई पहचान
समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों ने गोलीबारी कर दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया है। यह वारदात कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर की है। शनिवार की दोपहर एक बाइक पर सवार 3 अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की है। ई रिक्शा से जा रहे तीन लोगों पर गोलीबारी की गई है। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई है। एक मृतक की पहचान गुदड़ी के निवासी विजय कुमार गुप्ता के रूप में की गई है। जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। दूसरा मृतक ई रिक्शा का चालक है।
Samastipur Police : वारदात के चश्मदीद से पूछताछ, बेटे का पुलिस पर आरोप
समस्तीपुर एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि अपराधियों ने विजय कुमार गुप्ता को टारगेट कर गोली चलाई थी। लेकिन उस समय ई रिक्शा पर विजय कुमार गुप्ता के अलावा ई-रिक्शा का चालक और एक अन्य भी व्यक्ति मौजूद थे। विजय कुमार गुप्ता ई रिक्शा से जमीन देखने जा रहे थे। एसपी के मुताबिक, यह पूरा मामला जमीनी विवाह से जुड़ा है। एसपी ने कहा कि वारदात का एक चश्मदीद मौजूद है। हम उससे पूछताछ कर रहे हैं। वहीं मृतक के बेटे ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार सूचना के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। यही वजह है कि अपराधियों ने उसके पिता की हत्या कर दी।