Bihar News में खबर तीन नाबालिग लड़कियों के एक साथ जहर खाने की। अश्लील वीडियो में फोटो लगाए जाने से तंग आकर तीनों लड़कियों ने जहर खा लिया।
3 लड़कियों ने एक साथ खाया जहर
सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर तीन लड़कियों को बदनाम करने की साजिश रची गई। भोजपुरी के अश्लील वीडियो में तीनों लड़कियों की तस्वीर लगाकर वीडियो को वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद तीनों नाबालिग लड़की परेशान हो गई। उन्होंने इसकी जानकारी अपनी मां को दी। जब कोई रास्ता नजर नहीं आया तो तीनों ने एक साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि जानकारी मिलते ही ग्रामीण तीनों लड़कियों को लेकर अस्पताल पहुंचे। फिलहाल सभी लड़कियां खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। यह मामला सहरसा सामने आया है।
Saharsa में Video Viral
सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र अंतर्गत भद्दी गांव की तीन लड़कियों का अश्लील वीडियो वायरल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भोजपुरी की अश्लील वीडियो में तीनों लड़कियों की तस्वीर को जोड़ कर वीडियो बनाया गया है। फेसबुक पर मौजूद लड़कियों की तस्वीर को अश्लील वीडियो में जोड़कर कुछ युवकों ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद भद्दी गांव की रहने वाली तीनों नाबालिक लड़कियों ने आत्महत्या की कोशिश की है। तीनों ने एक साथ जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों ने तीनों को पतरघट पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया गया।
लड़की के नाम में RDX जोड़कर बनाया गया फेक अकाउंट : एसडीपीओ
एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि तीन नाबालिग लड़कियों द्वारा जहर खा लेने का मामला सामने आया है। इनमें से एक लड़की के नाम में RDX जोड़कर एक फेक फेसबुक आईडी बनाया गया है। उसी आईडी में लड़की की तस्वीर डालकर वायरल किया गया है। इससे परेशान होकर लड़कियों द्वारा खेत में जाकर जहर खाया गया था। सभी लड़की सदर अस्पताल में भर्ती हैं और खतरे से बाहर हैं। फिलहाल सभी आरोपी लड़के पंजाब में हैं। इस घटना में तीन लड़कों के शामिल होने की जानकारी मिली है।