Bihar News : बिहार के सहरसा जिले में बुधवार को दिन में तीन बच्चियां घर से निकलने के बाद घंटों वापस नहीं लौटीं तो खोजबीन तेज हुई। रात में इनकी लाशें बरामद हुईं।
Saharsa Bihar : सहरसा में तीन लड़कियों की डूबने से मौत, कोहराम
नेपाल से सटे बिहार के कई जिलों में बाढ़ का पानी है। सुपौल, मधेपुरा, सहरसा आदि में बाढ़ का पानी उतर भी रहा है, लेकिन खतरा टला नहीं है। ऐसे खतरों के बावजूद लोग बच्चों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। नतीजा, इस बार एक साथ तीन लड़कियों की डूबकर मौत की खबर सामने आई है। आठ से 11 साल की यह लड़कियां साग तोड़ने के लिए घर से निकली थीं। घंटों वापस नहीं लौटने पर घर वालों ने ढूंढ़ना शुरू किया। कोसी नदी में डूबने के कारण इनकी मौत हो चुकी थी। इनके शव बुधवार को ही रात में बरामद कर लिए गए।
Bihar : सरकारी अधिकारी पहुंचे, अनुग्रह राशि देगी नीतीश कुमार सरकार
सहरसा जिले के महिषी प्रखंड क्षेत्र के मनोवर पुल के पास कोसी नदी में तीन लड़कियों के शव बरामद होने की जानकारी पर जिला मुख्यालय से प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और पुष्टि की कि डूबने से इनकी मौत हो गई है। अंचलाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मनोवर निवासी गणेश ठाकुर की आठ वर्षीय पुत्री राधा कुमारी, श्रवण मुखिया की दस वर्षीय बेटी सरस्वती कुमारी और सगुनी मुखिया की 11 साल की पुत्री आंचल कुमारी एक ही साथ साग तोड़ने निकली थीं। देर शाम तक इनके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो रात में लाश बरामद हो गई।
Kosi River : नदी में पहले एक शव उपलाता दिखा, उसके बाद तीनों बरामद
अंधेरे इलाकों में खोजने में परेशानी हो रही थी, लेकिन गांव के बहुत सारे लोग उतर गए थे तो किसी ने पहले एक शव को कोसी नदी में उपलाते देखा। इसके बाद एक-एक कर तीनों बच्चियों के शव देर रात नदी से बरामद कर लिए गए। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद गुरुवार को परिजनों को सौंपा जाएगा। शवों के अंतिम क्रिया से लेकर इनके डूबने की पुष्टि के आधार पर सरकारी अनुग्रह राशिा का प्रावधान है, इसलिए प्रयास होगा कि यथाशीघ्र परिवार को सरकार की ओर से घोषित आर्थिक मदद दी जाए।