Bihar News में एक लूटकांड के खुलासे से जुड़ी खबर है। बेगूसराय पुलिस ने एक ऐसे लूटकांड का खुलासा किया है जिसमें पीड़ित ही गुनहगार निकला।
Begusarai News : लूटकांड की तफ्तीश में पुलिस का खुलासा
एक लूट कांड की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। डिलीवरी बॉय को हथियार के बल पर लूटने वालों को तलाशा जा रहा था। पुलिस की तफ्तीश के दौरान पीड़ित ने बताया कि वह एक निजी कंपनी का डिलीवरी बॉय है और उसके पास मौजूद कैश तथा मोबाइल फोन समेत अन्य सामान लूट लिया गया। पीड़ित के अनुसार, इस लूट कांड में चार अपराधी शामिल थे। हालांकि पुलिस की तफ्तीश कुछ और ही इशारा कर रही थी। लिहाजा लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर रख गया। तभी सामने आया एक ऐसा सच जिसने इस लूट कांड के केस को ही पलट दिया। पीड़ित खुद ही इस लूट कांड का साजिशकर्ता निकला। बेगूसराय पुलिस ने लूटकांड के एक केस में बड़ा खुलासा किया है।
Begusarai Police : लूटे गए मोबाइल ने खोल दिया राज
30 अक्टूबर को बेगूसराय के बखरी थाना इलाके में कथित तौर पर लूट की एक वारदात हुई थी। खगड़िया जिले के गंगौर थाना निवासी सबिन कुमार ने बखरी थाना को बताया था कि सलौना दुर्गा स्थान के निकट चार हथियारबंद अपराधियों ने उसे घेर कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। लूट की इस वारदात को लेकर बखरी थाना पुलिस तफ्तीश कर रहीथी। अब पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। बखरी SDPO कुंदन कुमार ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के लिए पुलिस ने कथित तौर पर लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर रखा था। तभी यह जानकारी मिली कि लूटे गए मोबाइल को कांड के पीड़ित सबिन कुमार द्वारा ही उपयोग किया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल सबिन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
Bakhri Begusarai : लूटकांड के दूसरे आरोपी की तलाश, घर से मिले सबूत
पुलिस की पूछताछ में खुद को पीड़ित बताने वाले सबिन ने खुलासा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की फर्जी कहानी गढ़ी थी। लूट का समान उसने साथियों के साथ आपस में बांटा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने इस वारदात में शामिल बखरी थाना के खखरुआ निवासी संजय यादव के पुत्र नीरज कुमार के घर पर छापेमारी की है। नीरज कुमार के घर से पुलिस ने मोबाइल, एटीएम कार्ड, कपड़ा और डिलीवरी बॉय का ट्रेनिंग आई कार्ड बरामद किया है। यह वही समान है जिसके लूट की फर्जी FIR सबिन कुमार ने दर्ज कराई थी। फिलहाल पुलिस नीरज कुमार की तलाश में जुट गई है।