Bihar News : पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली जहानाबाद की नीट छात्रा की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मीडिया में अनर्गल बयान देकर जांच को भटकाने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास के घर पर पुलिस की रेड हुई है।

Bihar Crime News : पटना में पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास के घर छापेमारी
बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। NEET छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ दास के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई चित्रगुप्त नगर थाना में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई। बताया जा रहा है कि NEET छात्रा की मौत से जुड़े मामले में अमिताभ दास ने कई गंभीर और कथित रूप से भ्रामक आरोप लगाए थे। इन आरोपों को लेकर पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
Patna News : सीएम नीतीश के पुत्र निशांत का डीएनए करवाने की मांग कर रहे थे अमिताभ दास
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने उनके आवास पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य संभावित साक्ष्य जुटाने की कोशिश की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूर्व आईपीएस अमिताभ दास ने छात्रा के कपड़े पर मिले स्पर्म को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत का डीएनए टेस्ट करवाने की मांग की थी।
IPS Amitabh Kumar Das : सीबीआई ने शुरू की जांच, गिरफ्तार हो सकते हैं अमिताभ दास
इधर, NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भी FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने इस केस को 7S/26 नंबर के तहत दर्ज किया है और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला बनाया है। CBI की टीम पटना से इस केस से जुड़ी सभी फाइलें लेकर नई दिल्ली रवाना हो गई है। उल्लेखनीय है कि इस घटना को लेकर प्रदेश में भारी हंगामा हुआ था, जिसके बाद मामला CBI को सौंपा गया।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य सरकार ने CBI जांच की सिफारिश की थी। अब केंद्रीय एजेंसी पूरे मामले की तह तक जाने की तैयारी में है। इस हाईप्रोफाइल मामले में एक तरफ पुलिस की कार्रवाई जारी है, वहीं दूसरी ओर CBI की एंट्री से जांच और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं। पटना पुलिस से जुड़े सूत्रों के अनुसार पूर्व आईपीएस अमिताभ दास की गिरफ्तारी भी हो सकती है।