Bihar News में खबर बेगूसराय से जहां होली के दौरान खूनी वारदात हुई है। रंग लगाए जाने से नाराज होकर एक युवक पर चाकुओं से हमला किया गया है।
होली के दौरान बेगूसराय में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ है। इस घटना में युवक बुरी तरीके से जख्मी हो गया है। विवाद की वजह जबरन रंग लगाने को बताया जा रहा है। हमलावर एक खास समुदाय से है। इसलिए पुलिस पूरे इलाके में फ्लैग मार्च कर रही है। घटना बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र में हुई है।
वारदात के बाद पुलिस कर रही कैंप, फ्लैग मार्च
बेगूसराय में होली के दौरान जबरन रंग लगाने से नाराज़ एक खास समुदाय के युवक ने रंग लगाने वाले युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फुलवरिया थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाजार आलू चट्टी रोड में हुई इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड में है। घटना के बाद दोनों संप्रदाय में तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए तेघड़ा डीएसपी डा रविंद्र मोहन प्रसाद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस घटना स्थान पर कैंप कर रही है। पूरे इलाके में फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने और घरों में रहने की अपील की जा रही है।
रंग लगाते ही चाकू से कातिलाना हमला
पुलिस ने चाकू मारने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।आलू चट्टी रोड में कुछ लोग होली खेल रहे थे। इसी दौरान एक विशेष समुदाय का युवक वहां से गुजर रहा था। होली खेल रहे लोगों ने उस युवक को भी रंग-अबीर लगा दिया। रंग लगाने से नाराज युवक ने आक्रोशित होकर दीपक कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। दीपक के शरीर में करीब चार से पांच जगह चाकू से वार किया गया है। उसे एक एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अफवाह पर न दें ध्यान, सौहार्द बनाए रखें : डीएसपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए तेघड़ा डीएसपी एवं आसपास के थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। इस दौरान पूरे इलाके में डीएसपी ने फ्लैग मार्च कर लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। डीएसपी ने बताया कि होली खेलने के विवाद में युवक को चाकू मारी गई है। उसका इलाज कराया जा रहा है। वह खतरे से बाहर है। लेकिन सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च किया जा रहा है।