Bihar News : बिहार में बालू माफियाओं का आतंक अब खुलकर सामने आ गया है। बेखौफ बालू माफियाओं ने पुलिसकर्मियों को कुचल डाला। एक घटना में एक सैफ जवान की मौत हो गई है।

Bihar Crime : पटना में खनन माफियाओं ने पुलिस कर्मियों को कुचला
पटना जिला के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिनबाजार थानाक्षेत्र में अवैध बालू खनन को लेकर चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान भयावह घटना सामने आई है। देर रात जिला खनन विभाग की टीम काब गांव के पास अवैध रूप से बालू ढो रहे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी क्रम में बालू से भरे एक ट्रैक्टर को रोका गया। जांच में पता चला कि ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू लेकर जा रहा था। खनन विभाग के सैफ जवान ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर मालिक और उसके सहयोगियों ने जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने ट्रैक्टर छुड़ाने की कोशिश की और मौके से निकलते हुए अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से दोनों सैफ जवानों को कुचल दिया।
Patna News : एक सैफ जवान की मौत, दूसरे की हालत नाजुक
हादसे में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच पटना भेजा गया, जहां उपचार के दौरान एक जवान दुखहरन पासवान की मौत हो गई। दूसरे घायल जवान लक्ष्मण सिंह का इलाज जारी है। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया है। घटना में शामिल स्कॉर्पियो वाहन को बरामद कर लिया गया है, लेकिन सभी आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
Patna Police : दानापुर में खाकी के अंदर खनन माफियाओं का खौफ
इस मामले में एएसपी दानापुर शिवम ढाकर ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी होगी। दानापुर में खनन माफियाओं के आतंक से खाकी भी खौफ खाने लगी है। आलम यह है कि बालू माफियाओं के खौफ से पुलिसकर्मी खनन की शिकायत पर भी घटनास्थल पर जाना नहीं चाहते। हालांकि सैफ के जवानों ने जाबांजी दिखाते हुए खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की। नतीजतन इसकी कीमत उन्हें जान देकर चुकानी पड़ी। यह घटना पटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।