Akshara Singh : भोजपुरी की शीर्ष अभिनेत्री अक्षरा सिंह कल से दूसरी वजह से खबरों में हैं। उनकी गिरफ्तारी तक की बात हो रही है। कितनी सच्चाई है और क्या हो सकता है, समझने के लिए पढ़े यह खबर।
Bihar News : कोर्ट से अक्षरा सिंह के खिलाफ गैर जमानती वारंट
लोग इस समय जानना चाह रहे हैं कि भोजपुरी का सलमान खान (Bhojpuri Salman Khan) कौन है? खेसारी लाल यादव से जुड़े इस सवाल के बीच भोजपुरी की शीर्ष अभिनेत्री अक्षरा सिंह (Akshara Singh) अचानक सुर्खियों में आ गईं। वजह है उनके खिलाफ बिहार के खगड़िया कोर्ट से जारी गैर जमानती वारंट। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद अक्षरा सिंह के खिलाफ यह गैर जमानती वारंट जारी हुआ है, इसलिए उनकी गिरफ्तारी को पक्का बताया जा रहा है। विधि विशेषज्ञों का कहना है कि खगड़िया में कार्यक्रम के लिए शुल्क लेकर और प्रचार करने के बावजूद नहीं आने वाली अक्षरा सिंह को अब खगड़िया न्यायालय में आत्मसमर्पण करना होगा, वरना पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
Case Status : जानें, किस मामले में अक्षरा सिंह पर आई आफत
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के खिलाफ खगड़िया में करीब छह साल पहले एक परिवाद दायर किया गया था। 8 जुलाई 2018 को खगड़िया में शहीद किशोर कुमार मुन्ना की याद में एक कार्यक्रम के लिए आयोजक शुभम कुमार ने अभिनेत्री अक्षरा सिंह को बुलाया गया था। इसके लिए उन्हें लाखों में अग्रिम भुगतान किया गया था। उसके बाद अभिनेत्री ने खुद भी लोगों से इस कार्यक्रम में आने की अपील की थी। लेकिन, कार्यक्रम से ठीक पहले उन्होंने वीडियो जारी कर आने में असमर्थता जता थी। इसी के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर किया गया था। इस मामले में अक्षरा सिंह की ओर से 12 मार्च 2020 को एडीजे-5 खगड़िया में अग्रिम जमानत के लिए अपील की गई थी, जिसे न्यायालय ने अस्वीकार कर दिया था। अब इसी केस में अक्षरा सिंह के खिलाफ खगड़िया व्यवहार न्यायालय के न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी हिम शिखा मिश्रा की कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है।