Bihar News : किसपर करें भरोसा? यह सवाल आज बहुत तेजी से बिहार में उभर रहा है। कभी दादा ही पोती की जिंदगी बिगाड़ता दिखता है तो कभी देवर अपनी भाभी का। इस बार कहानी कुछ अलग है।
सीतामढ़ी में देवर ने भाभी को बनाया शिकार
यह सावधान करने वाली खबर है, क्योंकि अमानत में खयानत अब खूब हो रहा है। रिश्तों को शर्मशार करने वाली घटनाएं बिहार में लगातार सामने आ रही हैं। अभी कल की बात है, जहां आठ साल की एक बच्ची से उसके रिश्तेदार ने ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वह जिसे दादा-दादा कहती नहीं थकती, उसी ने जिंदगी बर्बाद कर दी। सीतामढ़ी में आज कुछ दूसरे तरह का मामला सामने आया है। यहां स्वादिष्ट डिश खिलाने के नाम पर होटल से देवर ने खाना मंगाया और भाभी ने जब उसे खाया तो बेहोश हो गई। बेहोश महिला से उसके देवर ने मनमानी की। घटना सीतामढ़ी शहर के मेहसौल ओपी क्षेत्र के एक मोहल्ले में हुई।
सीता और लक्ष्मण की कहानियों वाली धरती है यह
रामायण में माता सीता हैं। यह सीतामढ़ी उन्हीं की धरती है। यहां सीता और उनके देवर लक्ष्मण की कहानियां घर-घर सुनाई जाती हैं। लक्ष्मण यह तक नहीं जानते थे कि सीता का चेहरा कैसा है, मतलब वह उनकी ओर देखते तक नहीं थे और भाभी को मां का दर्जा देते थे। इसी सीतामढ़ी में ऐसी वारदात सामने आती हैं तो चर्चा खूब होती है। ताजा मामले में पीड़िता ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में महिला ने बताया है कि कैसे देवर ने इस साजिश को अंजाम दिया और उसे बेहोशी टूटने के बाद घटना की जानकारी हुई। महिला थाना की अपर थानाध्यक्ष सुचित्रा कुमारी ने महिला की मेडिकल जांच करा ली है। देवर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। कोर्ट में भी महिला का बयान दर्ज करा दिया गया है।
भाभी ने बताई देवर की सारी करतूत
महिला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को मैं अपने घर पर अकेले थी। इसकी जानकारी देवर को भी थी। वह होटल से कुछ खाने का सामान लेकर आया और अच्छा बताकर खाने के लिए कहा। वह खाने के बाद मैं बेहोश गई। जब होश आया तो कपड़े और शरीर की हालत देखकर लगा कि खाने में कुछ डालकर मुझे बेहोश करने के बाद देवर ने मेरे साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। मुझे लगा कि इसे छिपाना गलत होगा और इसका नुकसान भविष्य में भी हो सकता है, इसलिए पुलिस में केस करने के लिए आ गई।