Bihar News : विधायक को बदनाम करने के लिए फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करना भारी पड़ गया है। थाने में मुकदमे के बाद अब विधायक ने बेगूसराय सब जज के न्यायालय में सिविल सूट दायर किया है। विधायक ने 20 करोड़ रुपए मानहानि का दावा ठोका है।
Begusarai News : फर्जी वीडियो पर बवाल, 20 करोड़ का मानहानि ठोका
बेगूसराय के बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा पर आघात के बाद विधायक का प्रतिघात जारी है। बेगूसराय के एससी एसटी थाने में FIR दर्ज करने के बाद अब विधायक ने न्यायालय में सिविल सूट फाइल कर दिया है। इस सूट में विधायक ने दो लोगों पर फर्जी अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप लगाते हुए 20 करोड़ मानहानि का दावा किया है। इस सूट में चार अन्य लोगों पर भी इस फर्जी वीडियो को वायरल करने का आरोप लगा है। यह पूरा मामला बखरी के डीएसपी कुंदन कुमार के ऊपर विधायक सूर्यकांत पासवान द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद सामने आया था। विधायक के इस कदम से वीडियो वायरल करने वालों में खलबली मच गई है।
DSP Kundan Kumar : डीएसपी कुंदन कुमार पर विवाद, थाने से कोर्ट तक पहुंचा मामला
बखरी के विधायक सूर्यकांत पासवान ने बखरी के डीएसपी कुंदन कुमार पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए थे। इन आरोपों को लेकर विधायक ने डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की थी। विधायक की शिकायत पर डीजीपी विनय कुमार ने बेगूसराय के रेंज डीआईजी आशीष भारती को जांच के आदेश दिए थे। डीएसपी कुंदन कुमार पर लगे आरोपों की जांच डीआईजी आशीष भारती के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी कर रही है। इसी बीच डीएसपी पर लगे आरोपों का बचाव करने के चक्कर में उनके समर्थकों ने विधायक सूर्यकांत पासवान पर हमला बोल दिया। उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चलाया गया। विधायक का आरोप है कि बखरी के डीएसपी कुंदन कुमार के दलाल गौतम सिंह राठौड़ ने उनके फर्जी अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी किया। वीडियो जारी होने के बाद महकमे में बवाल मच गया। विधायक सूर्यकांत पासवान ने बेगूसराय के एससी एसटी थाने में गौतम सिंह राठौड़ और सन्नी सिंह के खिलाफ बीएनएस, एससी एसटी एक्ट और आईटी एक्ट की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कराया था। अब विधायक ने बेगूसराय सब जज की कोर्ट में सिविल सूट दायर किया है।
MLA Suryakant Paswan : फर्जी वीडियो शेयर कर विधायक को कहा अय्याश
इस सिविल सूट में विधायक सूर्यकांत पासवान ने आरोप लगाया है कि “डीएसपी कुंदन कुमार के दलाल गौतम सिंह राठौड़ के फेसबुक आईडी से उनके खिलाफ फर्जी अश्लील वीडियो जारी किया गया।” गौतम सिंह राठौर के सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा गया कि ‘विधायक खुद अय्याशी करेगा और युवाओं को साजिश के तहत बदनाम करेगा। बाप तो बाप रहेगा।’ इसके अलावा आरोपी संख्या दो सन्नी सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा गया कि ‘विधायक जी आप किसी पर उंगली उठाने से पहले खुद के दामन में झांक ले कि आप कितने पानी में हैं। मुझे शर्म आती है आपको विधायक कहने में।’
Bakhri Begusarai : मीडिया चैनल पर बगैर सत्यापन खबर प्रसारित करने का आरोप
इसके साथ ही विधायक सूर्यकांत पासवान के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक अभद्र भाषा में हैशटैग भी चलाया गया। सिविल सूट में विधायक सूर्यकांत पासवान ने गौतम सिंह राठौड़ और सन्नी कुमार सिंह के अलावा बगैर सत्यापन के खबर प्रकाशित करने वाले दो मीडिया चैनल और फेसबुक एवं एक्स को भी आरोपी बनाया गया है। विधायक द्वारा दायर सिविल सूट में कहा गया है कि गौतम सिंह राठौड़ और सन्नी सिंह ने फर्जी अश्लील वीडियो को वायरल किया। जबकि दोनों मीडिया चैनल तथा फेसबुक और एक्स ने बगैर सत्यापन के फर्जी वीडियो को प्रसारित किया।
2 comments
[…] […]
[…] […]