Bihar News में खबर Bihar के Teachers से जुड़ी हुई। बिहार में बाढ़ के कहर के बीच नाव से स्कूल जा रहे करीब डेढ़ दर्जन शिक्षक लापता हो गए।
Bihar Flood News : फंस गए डेढ़ दर्जन Teachers
बिहार में बाढ़ का कहर है। नदियां उफान पड़ हैं। खासतौर से कोशी का इलाका डूब चुका है। इस बीच हादसे की खबर हर रोज आ रही है। शुक्रवार को करीब डेढ़ दर्जन शिक्षकों को लेकर निकली नाव अचानक गायब हो गई। मौसम बिगड़ने के बाद नाव का कुछ पता नहीं चल रहा था। आलम यह था कि नाविक को किनारे की खबर ही नहीं थी। ऐसे में हादसे की आशंका से लोग बेचैन हो उठे। अमूमन 45 मिनट का यह सफर जब 2 घंटे में भी पूरा नहीं हुआ तो शिक्षकों की सांसें अटक गई। शिक्षकों ने इससे जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है।
45 मिनट का सफर, 2 घंटे तक भटकती रही नाव
यह घटना सहरसा में हुई है। बीच नदी में करीब डेढ दर्जन शिक्षक मौसम बिगड़ने के कारण फंस गए और नाव दो घंटे तक भटकती रही। सहरसा जिले के कोसी पूर्वी तटबंध के ई-टू घाट से मध्य विद्यालय परताहा बरहारा के लिए डेढ़ दर्जन से अधिक शिक्षक एक नाव पर सवार होकर सुबह 7 बजे विद्यालय के लिए निकले थे। ई-टू घाट से नाव 7 बजे खुली, लेकिन 9 बजे तक भी किनारे नहीं लग सकी। जबकि अमूमन इस सफर में शिक्षक 45 मिनट में ही पूर्वी भाग से पश्चिमी भाग पहुंच जाते हैं। शिक्षकों को लेकर चली नाव करीब डेढ़ घंटे तक 4 से 5 किलोमीटर की दूरी में भटकती रही। कुहासा के कारण नाविक को किनारे का पता नहीं चल रहा था। ऐसे में नाव पर बैठे डेढ़ दर्जन से अधिक शिक्षकों की सांस अटक चुकी थी। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
शिक्षकों ने वीडियो जारी कर उठाई यह मांग
नाव पर सवार शिक्षकों ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से बाढ़ की अवधि में छुट्टी देने या पूर्वी तटबंध के पूर्वी भाग के ही किसी विद्यालय में प्रतिनियुक्ति करने की मांग की है। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें जिंदगी को दांव पर लगाते विद्यालय जाना पड़ता है। शिक्षकों ने कहा कि बाढ़ की अवधि में विद्यालय में बच्चे नहीं आते हैं। शिक्षक सब अपनी उपस्थिति बनाकर ही विद्यालय से सुबह शाम लौट जाते हैं। ऐसे में अगर कोई हादसा होता है तो शिक्षकों की मौत का दोषी कौन होगा?